बर्फीली हवाओं ने दिल्लीवालों पर ढाया कहर! सता रहा कोहरा; जानें आज के मौसम अपडेट

Weather Update: उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर पहाड़ी ठंड का असर साफ दिखने लगा है. उच्च हिमालयी इलाकों से आ रही सर्द और शुष्क हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर की ठंड को और तीखा कर दिया है.

Weather Update Delhi NCR Cold Wave Update Flight Cancel
Image Source: ANI

Weather Update: उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर पहाड़ी ठंड का असर साफ दिखने लगा है. उच्च हिमालयी इलाकों से आ रही सर्द और शुष्क हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर की ठंड को और तीखा कर दिया है. उत्तर-पश्चिम दिशा से बह रही हवाएं अपने साथ बर्फीले क्षेत्रों की ठंडक ला रही हैं, जिससे सुबह और शाम के समय गलन महसूस की जा रही है. राजधानी में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है और लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है.

सोमवार की सुबह दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की धुंध देखने को मिली, हालांकि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, धुंध धीरे-धीरे छंट गई. दिन के समय मौसम साफ रहा, लेकिन ठंड का असर कम नहीं हुआ. राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.3 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से थोड़ा नीचे दर्ज किया गया. दिल्ली के पालम क्षेत्र में ठंड का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिला. यहां दिन के समय अधिकतम तापमान सिर्फ 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3.4 डिग्री कम है. ठंडी हवाओं के चलते पूरे दिन सिहरन बनी रही.

आज भी मौसम रहेगा चुनौतीपूर्ण

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी दिल्ली में कोहरे और ठंड का असर बना रहेगा. सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है. दिन में अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात का तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से गलन भरी ठंड लोगों को परेशान कर सकती है.

कोहरे ने बढ़ाई विमान यात्रियों की परेशानी

घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है. एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से लखनऊ जाने वाली उड़ान को तीन दिनों में दो बार गंतव्य तक न पहुंच पाने के कारण वापस लौटना पड़ा. बीते रविवार को यह विमान लखनऊ के आसमान में लगभग 50 मिनट तक चक्कर लगाता रहा, लेकिन दृश्यता कम होने के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी और विमान को अंततः दिल्ली लौटना पड़ा. 

इससे पहले 2 जनवरी को भी इसी फ्लाइट को लखनऊ के ऊपर करीब 17 चक्कर लगाने पड़े थे. फ्लाइट आईएक्स 2171 रविवार सुबह करीब 8:15 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी, लेकिन कोहरे की वजह से यात्रियों को गंतव्य तक नहीं पहुंचाया जा सका. लगातार दो बार हुई इस घटना को लेकर एविएशन से जुड़े विशेषज्ञ और सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: देश के प्रत्येक पुस्तकालय तक पहुंचनी चाहिए ये BOOK... 'ख़ुत्बात-ए-मोदी' किताब का शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया विमोचन