May Month Weather: देश में मई महीने की शुरुआत इस बार थोड़ी अलग रही है. जहां लोग तेज गर्मी के लिए तैयार थे, वहीं कई जगहों पर अचानक बारिश और तेज आंधी ने मौसम बदल दिया. इससे लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन सवाल यह है कि यह राहत कितने दिनों तक रहेगी.
मई की शुरुआत में ही कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट आई. इस वजह से लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं हो सकती, क्योंकि आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने के संकेत हैं.
क्या कहता है भारत मौसम विज्ञान विभाग
मौसम विभाग ने अपने नए पूर्वानुमान में बताया है कि मई के महीने में देश के कई हिस्सों में लू चल सकती है. खासकर हिमालय के तराई वाले इलाके, पूर्वी तटीय राज्य, गुजरात और महाराष्ट्र में ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है. इसके साथ ही, पूरे देश में औसत बारिश सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान भी जताया गया है.
मानसून को लेकर अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 14 से 16 मई के बीच पहुंच सकता है. अगर ऐसा होता है, तो यह मानसून के समय पर आने का संकेत होगा, जिससे आगे चलकर देश के मौसम पर असर पड़ेगा.
तापमान को लेकर क्या अनुमान
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, मई के दौरान देश के कई हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है. हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य या थोड़ा कम भी रह सकता है.
बारिश का अनुमान
मई महीने में देशभर में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है. लेकिन कुछ इलाके जैसे पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है. इसका मतलब है कि मौसम हर जगह एक जैसा नहीं रहेगा और अलग-अलग राज्यों में अलग असर देखने को मिलेगा.
अल नीनो का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय प्रशांत महासागर में अल नीनो जैसी स्थिति बनने के संकेत मिल रहे हैं. अगर यह स्थिति मजबूत होती है, तो इसका असर मानसून पर पड़ सकता है. आमतौर पर अल नीनो की स्थिति में बारिश का पैटर्न बदल जाता है.
हिमालयी क्षेत्रों का हाल
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में इस हफ्ते भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी 3 से 7 मई के बीच आंधी और बारिश का अनुमान है.
राजस्थान में अलर्ट
राजस्थान के कई हिस्सों में हाल ही में ओलावृष्टि हुई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 1 से 6 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. जयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर जैसे इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में राहत
दिल्ली एनसीआर में भी मौसम ने अचानक करवट ली है. यहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है. अगले एक हफ्ते तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान थोड़ा कम रहेगा. हालांकि 4 और 5 मई को फिर से बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल के इन 15 बुथों पर फिर से करवाया जाएगा मतदान, कल होगी वोटिंग; चुनाव आयोग का ऐलान