दिल्ली में खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 600 के पार, जहरीली हवा से कैसे बचें?

दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर होता जा रहा है. राजधानी की हवा इतनी खराब हो गई है कि लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है.

Pollution in Delhi reaches dangerous levels AQI crossing 400 toxic air
Image Source: ANI

Delhi Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर होता जा रहा है. राजधानी की हवा इतनी खराब हो गई है कि लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है. रियल टाइम एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत AQI 669 दर्ज किया गया है, जो खतरनाक श्रेणी में आता है. वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में भी कई इलाकों की हवा बेहद खराब बताई गई है.

दिल्ली के अक्षरधाम इलाके में AQI 408 दर्ज किया गया, जबकि मयूर विहार फेज-1 में यह आंकड़ा 411 तक पहुंच गया. ये दोनों इलाके गंभीर श्रेणी में हैं. ऐसे में राजधानी के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलती नहीं दिख रही है.

हवा में जहरीले कण बढ़े, छाया घना स्मॉग

दिल्ली की हवा में प्रदूषण फैलाने वाले छोटे और हानिकारक कणों की मात्रा काफी बढ़ गई है. मौसम की स्थिति भी प्रदूषण को कम करने में मदद नहीं कर रही है. राजधानी में तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वहीं, कई इलाकों में घना स्मॉग छाया हुआ है.

हवा में नमी का स्तर 71 प्रतिशत है, जबकि हवा की रफ्तार सिर्फ 3.6 किलोमीटर प्रति घंटे है. हवा धीमी होने के कारण प्रदूषण के कण वातावरण से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. इससे लोगों को जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ रही है.

पराली जलाने से भी बढ़ रहा प्रदूषण

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की एक बड़ी वजह आसपास के राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं भी हैं. बुधवार को छह राज्यों में पराली जलाने की कुल 874 घटनाएं दर्ज की गईं. इनमें सबसे ज्यादा 515 मामले पंजाब में सामने आए.

इसके अलावा मध्य प्रदेश में 179, उत्तर प्रदेश में 129, राजस्थान में 40, हरियाणा में 8 और उत्तराखंड में पराली जलाने की 3 घटनाएं दर्ज की गईं.

भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की क्रीम्स (CREAMS) प्रयोगशाला के आंकड़ों के मुताबिक, 15 सितंबर से 11 नवंबर के बीच छह राज्यों में पराली जलाने की कुल 10,466 घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इन घटनाओं से निकलने वाला धुआं भी हवा को प्रदूषित कर रहा है.

प्रदूषण से सेहत को खतरा, इन बातों का रखें ध्यान

दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया है कि इसका असर स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी पड़ सकता है. खासतौर पर अस्थमा, सांस और दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा खतरनाक हो सकती है.

डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने लोगों को कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है. सुबह और देर शाम घर से बाहर टहलने या खुले में एक्सरसाइज करने से बचें. अगर किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो अच्छी गुणवत्ता वाला N95 मास्क पहनें.

घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें और प्रदूषण ज्यादा होने पर खिड़कियां बंद रखें. अगर आंखों में जलन, खांसी या सांस लेने में परेशानी हो तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से संपर्क करें.

ये भी पढ़ें- इश्क के चक्कर में बर्बाद हुए कई दिग्गज CEO, अफेयर की वजह से गंवानी पड़ी कुर्सी, जानें रईसों की कहानी