Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. इस एनकाउंटर में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश एहसान कपूरी मारा गया, जबकि पुलिस टीम पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. मुठभेड़ के दौरान चिलकाना थाना प्रभारी भी बाल-बाल बच गए, क्योंकि बदमाशों की गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर आकर लगीं.
घटना के बाद इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और फरार दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग अभियान चला रही है. सहारनपुर पुलिस के लिए यह ऑपरेशन बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि एहसान कपूरी लंबे समय से पुलिस की वांटेड सूची में शामिल था.
चेकिंग अभियान के दौरान शुरू हुई मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चिलकाना थाना क्षेत्र के हरड़ाखेड़ा इलाके में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस टीम को दिखाई दिए.
पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश बाइक मोड़कर सरसावा की तरफ भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया तो बदमाशों ने सरकारी वाहन पर फायरिंग कर दी. इस दौरान पुलिस की गाड़ी के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम से आसपास के थानों को अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद सरसावा थाना पुलिस समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई.
बाग में छिपकर बदमाशों ने चलाई गोलियां
भागते हुए बदमाश इंडस्ट्रियल एरिया के पास स्थित एक बाग में घुस गए. वहां पेड़ों की आड़ लेकर उन्होंने पुलिस टीम पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दीं. इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई शुरू की. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए और खुद ऑपरेशन की कमान संभाली. इसी दौरान बदमाशों की दो गोलियां चिलकाना थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं. जैकेट की वजह से उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया.
दो पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती
मुठभेड़ के दौरान सरसावा थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा के बाजू में गोली लग गई. वहीं सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल सोनू शर्मा के हाथ में भी गोली लगी. दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. वहीं जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश एहसान कपूरी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
31 मुकदमों में वांटेड था एहसान कपूरी
पुलिस के मुताबिक एहसान कपूरी पर लूट, डकैती, रंगदारी और कई अन्य गंभीर धाराओं में कुल 31 मुकदमे दर्ज थे. वह बेहट थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर था और लंबे समय से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ अकेले लूट के ही 13 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस रिकॉर्ड में वह जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल था. इसके अलावा बेहट इलाके में हुई चर्चित डकैती की घटना में भी उसका नाम सामने आया था. मौके से पुलिस ने चार अवैध हथियार, भारी मात्रा में कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है.
दूसरा बदमाश फरार, तलाश जारी
एनकाउंटर के दौरान दूसरा बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. इलाके में कई टीमों को लगाया गया है और आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
DIG अभिषेक सिंह ने दी पूरी जानकारी
सहारनपुर जिला अस्पताल पहुंचे DIG अभिषेक सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी अभिनंदन सिंह की लीडरशिप में यह सफल एनकाउंटर हुआ. उन्होंने कहा कि मारा गया बदमाश एहसान कपूरी नकुड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर 31 गंभीर मुकदमे दर्ज थे. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. DIG ने बताया कि एहसान जिले का टॉप अपराधी था और कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा था. पुलिस इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मान रही है.
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान जारी है. सहारनपुर पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा.
ये भी पढ़ें: यूपी के लाखों शिक्षकों को सुप्रीम कोर्ट से राहत, TET पास करने की बढ़ाई गई डेडलाइन, जानें पूरी जानकारी