‘झूठे और निराधार हैं आरोप’... 5 करोड़ के दावे पर कोहली ने दिया जवाब, बोले- प्रेमानंद महाराज में गहरी आस्था

Virat Kohli 5 Crore Claim: विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने को लेकर 5 करोड़ रुपये मिलने का दावा सामने आया था. अब विराट की टीम ने इसे पूरी तरह झूठा और निराधार बताते हुए कहा है कि क्रिकेटर की प्रेमानंद महाराज में गहरी आस्था और सम्मान है.

virat-kohli-premanand-maharaj-ashram-five-crore-claim-denied
Image Source: Internet

Virat Kohli : क्रिकेटर विराट कोहली को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि उन्हें प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे. अब विराट कोहली की ओर से इस दावे पर आधिकारिक सफाई सामने आई है. उनके प्रवक्ता ने इस खबर को पूरी तरह गलत, झूठा और बेबुनियाद बताया है. विराट के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि प्रेमानंद महाराज से मिलने या उनके आश्रम जाने के लिए विराट कोहली को किसी तरह की रकम नहीं दी गई थी. बयान सामने आने के बाद इस दावे को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है.

किसने किया था विराट कोहली को लेकर दावा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दावा फलाहारी महाराज के नाम से पहचाने जाने वाले दिनेश शर्मा की ओर से किया गया था. वह श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष भी हैं. बताया गया कि उन्होंने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दावा किया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम लाने के लिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए.

विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा वर्ष 2023 में पहली बार वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे. इस मुलाकात के बाद दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहे थे.

विराट के प्रवक्ता ने दावे को बताया झूठा

अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. प्रवक्ता ने कहा कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली को लेकर किए गए दावे पूरी तरह झूठे और निराधार हैं. प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि विराट कोहली प्रेमानंद महाराज के प्रति गहरी आस्था और सम्मान रखते हैं. इसी वजह से वह उनसे मिलने के लिए आश्रम जाते रहे हैं. उनके प्रवक्ता के मुताबिक, इन मुलाकातों को किसी आर्थिक लेन-देन से जोड़ना सही नहीं है.

मीडिया से की जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग की अपील

विराट कोहली की टीम ने वायरल दावे का खंडन करते हुए मीडिया से भी अपील की है कि ऐसी खबरों को आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच की जाए. प्रवक्ता ने कहा कि बिना पुष्टि के इस तरह के दावों को प्रसारित करने से बचना चाहिए और रिपोर्टिंग में तथ्यों का ध्यान रखना जरूरी है.इस पूरे विवाद में फिलहाल विराट कोहली की ओर से यही स्पष्ट किया गया है कि उन्हें प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये मिलने का दावा गलत है. कोहली और अनुष्का शर्मा की प्रेमानंद महाराज के प्रति आस्था और सम्मान पहले भी सार्वजनिक रूप से सामने आ चुका है.

ये भी पढ़ें- IND vs WI: लखनऊ में अय्यर का तूफान! 43 गेंदों में जड़ा शतक, वेस्टइंडीज को 8 विकेट से धोया