मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार रात उस वक्त नज़ारे बदल गए, जब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारत पहुंचे. लंदन में परिवार के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बाद कोहली की वापसी ने फैंस और पैपराजी दोनों की निगाहें उन पर टिका दीं. इस दौरान उनका अंदाज़ और पहनावा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
एयरपोर्ट पर विराट ने ब्लैक कलर का एक स्टाइलिश कार्डिगन पहना हुआ था, जिस पर लाल दिल बना था और उसके नीचे ‘A’ अक्षर की कढ़ाई थी. उन्होंने इसे नीली टी-शर्ट और हल्के नीले रंग की जींस के साथ कैरी किया था. फैंस इस ‘A’ अक्षर को अनुष्का शर्मा से जोड़कर देख रहे हैं और इसे कपल के बीच की खास बॉन्डिंग का इशारा मान रहे हैं.
मुस्कुराते विराट ने जीत लिया दिल
पैपराजी और प्रशंसकों की भीड़ के बीच भी विराट कोहली पूरी तरह सहज और खुश नज़र आए. कैमरों की फ्लैश लाइट्स के बीच उनकी मुस्कान ने फैंस का दिल जीत लिया. गौरतलब है कि विराट और अनुष्का ने इस साल नए साल का जश्न दुबई में मनाया था. न्यू ईयर ईव पर इस स्टार कपल को एक रेस्टोरेंट में स्टाफ के साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए भी देखा गया था. नए साल के मौके पर विराट ने अनुष्का के साथ एक खास तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें दोनों चेहरे पर रंग लगाए नजर आए. इस फोटो के साथ विराट ने कैप्शन लिखा था मेरी जिंदगी की रोशनी के साथ 2026 में कदम रख रहा हूं. इस पोस्ट को फैंस ने खूब पसंद किया और कपल पर जमकर प्यार लुटाया.
विजय हजारे ट्रॉफी में दिखाया दम
मैदान पर भी विराट कोहली का फॉर्म चर्चा में रहा है. उन्होंने हाल ही में 15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी की और पहले ही मैच में 131 रनों की शानदार पारी खेलकर सभी को चौंका दिया. इसके बाद अगले मुकाबले में 77 रन बनाकर उन्होंने साबित कर दिया कि उनकी लय पूरी तरह वापस आ चुकी है. इस दौरान कोहली ने लिस्ट-ए क्रिकेट में 16,000 रन पूरे किए और यह मुकाम हासिल करने वाले सबसे तेज बल्लेबाज़ बन गए. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जो उनके करियर की एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
11 जनवरी से शुरू होगी वनडे सीरीज
अब भारतीय फैंस की निगाहें न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही वनडे सीरीज पर टिकी हैं. इस सीरीज का पहला मुकाबला बड़ौदा में खेला जाएगा. टीम इंडिया 8 जनवरी को बड़ौदा में एकत्र होगी, इसी वजह से विराट एक दिन पहले ही मुंबई पहुंच गए. पहले यह माना जा रहा था कि विराट 6 जनवरी को दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी का एक और मुकाबला खेलेंगे, लेकिन बेंगलुरु के पास अलूर में हो रहे इस मैच में न खेलने का फैसला उन्होंने खुद लिया. अब पूरा फोकस न्यूजीलैंड सीरीज पर है, जहां फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि विराट कोहली घरेलू क्रिकेट की अपनी शानदार फॉर्म को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी जारी रखेंगे.
यह भी पढ़ें: क्या कमबैक है यार! श्रेयस अय्यर ने तूफानी पारी खेलते हुए गेंदबाजों को धो डाला