Jumping Accident Brazil Video: ब्राजील में एक एडवेंचर गतिविधि के दौरान 21 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई. जो अनुभव उत्साह और रोमांच से भरा होना था, वह कुछ ही पलों में एक बड़े हादसे में बदल गया. घटना के बाद सामने आया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर रहा है.
ब्रिज जंपिंग के दौरान हुआ हादसा
यह घटना 13 जून को साओ पाउलो राज्य के लिमेरा क्षेत्र में हुई. मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास नाम की युवती ब्रिज से रोप जंपिंग करने पहुंची थीं. इस एडवेंचर गतिविधि में प्रतिभागी को सुरक्षा रस्सियों के सहारे ऊंचाई से छलांग लगानी होती है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जंप से पहले उनकी सुरक्षा लाइफलाइन सही तरीके से नहीं लगाई गई थी. जैसे ही उन्होंने छलांग लगाई, वह लगभग 40 मीटर नीचे गिर गईं. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
This is absolutely heartbreaking. A 21-year-old woman, Maria Eduarda Rodrigues de Freitas, died during a rope-jump activity at Skeleton Bridge in Limeira, São Paulo, after reports say her safety rope was not properly attached. She fell about 40 meters. This is exactly why I could… pic.twitter.com/hXszmqw5aG
— Daphne (@celebriD) June 14, 2026
वायरल वीडियो में दिखी सुरक्षा में चूक
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कुछ प्रशिक्षक युवती को जंपिंग प्लेटफॉर्म तक लेकर जाते हैं. इसके बाद जैसे ही वह छलांग लगाती हैं, वहां मौजूद लोगों को स्थिति सामान्य नहीं लगती.
वीडियो में कुछ लोगों की ओर से "रोप... रोप..." चिल्लाने की आवाज भी सुनाई देती है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा रस्सी सही तरीके से जुड़ी नहीं थी. इसी वजह से इस हादसे को लेकर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं.
फिटनेस और खेलों में रुचि रखती थीं मारिया
मारिया एडुआर्डा साओ पाउलो के जांदीरा शहर की रहने वाली थीं. उन्हें फिटनेस और खेल गतिविधियों में विशेष रुचि थी. उन्होंने फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी तथा एक जिम में भी कार्यरत थीं.
सोशल मीडिया पर वह नियमित रूप से फिटनेस और वर्कआउट से जुड़ी सामग्री साझा करती थीं. बताया जा रहा है कि हादसे से पहले उन्होंने मजाकिया अंदाज में एक पोस्ट भी साझा की थी, जिसमें ब्रिज से कूदने का जिक्र किया गया था.
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, मारिया अपने साथ एक GoPro कैमरा भी लेकर गई थीं ताकि वह इस एडवेंचर अनुभव को रिकॉर्ड कर सकें. हालांकि घटना के बाद कैमरा बरामद नहीं हुआ है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सुरक्षा प्रक्रिया में चूक कैसे हुई और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है.
ये भी पढ़ें- भारत ने अमेरिकी प्रतिबंधों को दिखाया ठेंगा! बना रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार, आयात में 21% उछाल