फ्रांस में होगी पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात, तारीख और टाइम फिक्स, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

फ्रांस में आयोजित होने जा रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात तय हो गई है.

g7 summit PM Modi and Donald Trump will meet in France us india trade
Image Source: ANI

नई दिल्ली: फ्रांस में आयोजित होने जा रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात तय हो गई है. व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच व्यापारिक संबंधों और अन्य महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) पर वार्ता बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल रह सकती है. हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि G7 सम्मेलन के दौरान इस समझौते को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना कम है. इसके बावजूद दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच तकनीकी स्तर पर जारी बातचीत को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा.

कई तकनीकी मुद्दों पर जारी है संवाद

व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच इस वर्ष की शुरुआत में एक संयुक्त रूपरेखा समझौते (Joint Framework Agreement) पर हस्ताक्षर किए गए थे. इसके बाद से दोनों पक्ष कई आर्थिक और तकनीकी विषयों पर लगातार चर्चा कर रहे हैं. हाल ही में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत का दौरा भी कर चुका है और वार्ताओं का सिलसिला जारी है.

आर्थिक ढांचे में अंतर बना चुनौती

अमेरिकी पक्ष का कहना है कि भारत और अमेरिका की आर्थिक व्यवस्थाएं कई मामलों में अलग हैं. कुछ नीतिगत और डेटा संबंधी प्रावधानों को लेकर अमेरिकी कंपनियों को भारतीय बाजार में कारोबार करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. यही वजह है कि प्रस्तावित व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने से पहले कई तकनीकी पहलुओं पर और चर्चा आवश्यक है.

नेताओं को मिलेगा प्रगति की समीक्षा का अवसर

अधिकारियों के अनुसार, G7 सम्मेलन के दौरान होने वाली बैठक दोनों नेताओं को अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करने और आगे की रणनीति तय करने का अवसर देगी. साथ ही आने वाले हफ्तों में वार्ता को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए, इस पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है.

फ्रांस और स्लोवाकिया दौरे पर पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा के लिए रवाना हुए. फ्रांस में वे G7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के अलावा राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे. इसके बाद वह स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे. यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का G7 सम्मेलन के बाद स्लोवाकिया का पहला दौरा माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- भारत का 'सुरक्षा कवच' हुआ और मजबूत, DRDO ने किया बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम का सफल टेस्ट, जानें ताकत