WhatsApp Fraud: मलेशिया के पेनांग में एक महिला के लिए ऑनलाइन खाना मंगवाने की एक छोटी-सी कोशिश भारी नुकसान में बदल गई. महिला पारंपरिक मलेशियाई मिठाई Nyonya gao खरीदना चाहती थी, जिसे स्थानीय तौर पर Nyonya kuih भी कहा जाता है. यह मिठाई पेनांग समेत पूरे मलेशिया में काफी लोकप्रिय है और लोग इसे अक्सर ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं. लेकिन इस बार यही लोकप्रियता स्कैमर्स के लिए जाल बन गई और महिला उसकी शिकार हो गई.
महिला ने किसी भरोसेमंद फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने के बजाय WhatsApp पर आए एक लिंक के जरिए ऑर्डर करने का फैसला किया. उसे एक संदेश भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि एक खास ऐप डाउनलोड करने से वह आसानी से Nyonya kuih ऑर्डर कर सकती है. बिना ऐप की सच्चाई जांचे महिला ने लिंक पर क्लिक किया और अपने फोन में एप्लिकेशन इंस्टॉल कर लिया. यही एक फैसला उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा नुकसान बन गया.
ऐप इंस्टॉल होते ही खाते से उड़ गए पैसे
ऐप डाउनलोड करने के कुछ ही समय बाद महिला के बैंक खाते से बड़ी रकम गायब हो गई. जांच में सामने आया कि उसके अकाउंट से RM5,000 मलेशियाई रिंग्गिट निकल चुके थे, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1.1 लाख रुपये के बराबर हैं. जब महिला को इसका अहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. खाते से पैसे ट्रांसफर हो चुके थे और मोबाइल फोन में बैंक से आने वाले अलर्ट भी बंद हो गए थे.
पुलिस अधिकारी ने सामने आकर दी जानकारी
मामला सामने आने के बाद पेनांग के IPD Barat Daya कमर्शियल क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के प्रमुख ASP देवन रमन ने खुद पीड़िता से बात की. उन्होंने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें पीड़िता भावुक होकर अपनी आपबीती सुनाती नजर आई. महिला का कहना था कि वह सिर्फ स्वादिष्ट पारंपरिक मिठाई खरीदना चाहती थी, लेकिन एक गलत क्लिक ने उसकी जमा पूंजी छीन ली.
ASP देवन रमन ने बताया कि इस तरह के ऑनलाइन स्कैम अब बेहद आम हो चुके हैं. स्कैमर्स पहले सोशल मीडिया, खासकर Facebook पर आकर्षक खाने-पीने के विज्ञापन डालते हैं. इसके बाद वे लोगों से WhatsApp पर संपर्क करते हैं और फर्जी ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं. जैसे ही ऐप इंस्टॉल होता है, स्कैमर्स को फोन और बैंकिंग डिटेल्स तक पहुंच मिल जाती है.
Nyonya kuih की लोकप्रियता बनी स्कैम का हथियार
Nyonya kuih मलेशिया की पारंपरिक मिठाइयों में शामिल है, जो रंग-बिरंगी परतों और खास स्वाद के लिए जानी जाती हैं. इन्हें पंडन पत्ते, नारियल का दूध और चावल के आटे से बनाया जाता है. त्योहारों और खास मौकों पर इनकी मांग काफी बढ़ जाती है. इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर स्कैमर्स लोगों को सस्ते और आकर्षक ऑफर्स का लालच देते हैं.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस तरह का मामला पहले भी सामने आ चुका है. एक बुजुर्ग व्यक्ति ने इसी तरह के स्कैम में RM3,000 की रकम गंवाई थी. यह साफ करता है कि यह कोई एकल घटना नहीं है, बल्कि एक संगठित साइबर फ्रॉड का हिस्सा है.
फर्जी ऐप्स से कैसे होता है बैंक अकाउंट खाली
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे फर्जी ऐप्स अक्सर APK फाइल्स के जरिए इंस्टॉल कराए जाते हैं. ये ऐप्स मोबाइल में मौजूद SMS, OTP और बैंक नोटिफिकेशन तक पहुंच बना लेते हैं. कई मामलों में ये ऐप्स ट्रांजेक्शन कोड चुराने या SMS को ओवरराइट करने वाले टूल्स का इस्तेमाल करते हैं, जिससे यूजर को पता भी नहीं चलता और पैसे खाते से निकल जाते हैं. भारत समेत कई देशों में इस तरह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं.
पुलिस की चेतावनी और जरूरी सावधानी
पेनांग पुलिस ने इस घटना के बाद लोगों को साफ चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान WhatsApp लिंक से ऐप डाउनलोड न करें. किसी भी सेवा के लिए केवल Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें. अगर कोई ऑफर जरूरत से ज्यादा अच्छा लग रहा है, तो उसे लेकर सतर्क रहना जरूरी है.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ऐप इंस्टॉल करने के बाद उसके फोन में अजीब गतिविधियां शुरू हो गई थीं और बैंक से आने वाले अलर्ट अचानक बंद हो गए थे. जब उसने बैंक से संपर्क किया, तब उसे पता चला कि उसके खाते से पैसे पहले ही ट्रांसफर हो चुके हैं.
एक क्लिक की कीमत
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी-सी लापरवाही कितनी महंगी पड़ सकती है. ऑनलाइन सुविधा के साथ-साथ सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है, क्योंकि स्कैमर्स हर नए ट्रेंड और लोकप्रिय चीज को अपने जाल में बदलने का तरीका ढूंढ लेते हैं.
ये भी पढ़ें- अब हिन्दी में रिलीज होगी 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर कर चुकी है इतना तगड़ा कलेक्शन