Vijay Hazare Trophy:विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में त्रिपुरा के खिलाड़ी स्वपनिल सिंह अचानक सुर्खियों में आ गए. वजह सिर्फ उनका शानदार शतक नहीं था, बल्कि उस शतक के बाद मनाया गया ऐसा जश्न, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी. कर्नाटक के खिलाफ खेले गए इस मैच में स्वपनिल ने बल्ले से कमाल दिखाया, लेकिन जश्न के दौरान किया गया उनका इशारा लोगों को खटक गया और वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया.
स्वपनिल सिंह आमतौर पर अपनी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. घरेलू क्रिकेट में उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर माना जाता है, लेकिन कर्नाटक के खिलाफ इस मैच में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया. नंबर 7 पर उतरकर स्वपनिल ने बेहद दबाव भरे हालात में पारी संभाली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की. उन्होंने 93 गेंदों में 100 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और कुछ शानदार छक्के शामिल थे. उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास साफ झलक रहा था.
लिस्ट ए करियर का पहला शतक
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने देवदत्त पडिक्कल के शतक (108 रन) की बदौलत 333 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया. जवाब में त्रिपुरा की शुरुआत बेहद खराब रही और सिर्फ 59 रन पर उसके 5 विकेट गिर चुके थे. ऐसे मुश्किल समय में स्वपनिल सिंह क्रीज पर आए और पारी को संभालते हुए अपने लिस्ट ए करियर का पहला शतक जड़ दिया.यह शतक इसलिए भी खास था क्योंकि वह रनचेज के दौरान आया और एक गेंदबाज के तौर पर पहचाने जाने वाले खिलाड़ी से ऐसी पारी की उम्मीद कम ही की जाती है.
जश्न ने छीनी लाइमलाइट
शतक पूरा करते ही स्वपनिल सिंह खुशी से झूम उठे, लेकिन उनका जश्न चर्चा का कारण बन गया. शतक के बाद उन्होंने जो इशारा किया, उसे कई लोगों ने आपत्तिजनक बताया. यही वजह रही कि उनका जश्न का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और खेल से ज्यादा इस हरकत पर बातें होने लगीं.
शतक के बाद तुरंत आउट
दिलचस्प बात यह रही कि शतक लगाने के बाद स्वपनिल सिंह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक पाए. विजयकुमार व्यस्क की गेंद पर वह 100 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड हो गए. उनके आउट होते ही त्रिपुरा की पारी लड़खड़ा गई और जीत की उम्मीद भी लगभग खत्म हो गई.
कर्नाटक की आसान जीत
स्वपनिल के आउट होने के बाद त्रिपुरा की टीम संभल नहीं सकी और 49 ओवर में 252 रन पर ऑलआउट हो गई. इस तरह कर्नाटक ने मुकाबला 80 रन से अपने नाम कर लिया. हालांकि नतीजा कर्नाटक के पक्ष में रहा, लेकिन मैच के बाद चर्चा का केंद्र स्वपनिल सिंह का शतक और उसका विवादित जश्न ही बना रहा.
यह भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड ODI में किन बल्लेबाजों ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के? लिस्ट में रोहित-कोहली भी शामिल