Vidyut Jammwal Video: बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल अपनी दमदार एक्शन फिल्मों के साथ-साथ फिटनेस, योग और आध्यात्मिक प्रयोगों को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहते हैं. नए साल की शुरुआत उन्होंने इस बार बिल्कुल अलग अंदाज़ में की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने फैंस को चौंका दिया है और लोग हैरानी के साथ-साथ तारीफ भी कर रहे हैं.
विद्युत जामवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह प्रकृति के बेहद करीब नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह बिना कपड़ों के पेड़ की एक ढाल से दूसरी ढाल पर चढ़ते दिखाई देते हैं. यही नहीं, वीडियो के दूसरे हिस्से में वह बर्फ से ढके इलाके में ध्यान करते हुए भी नजर आते हैं. उनका यह अंदाज़ आम बॉलीवुड सितारों से बिल्कुल अलग है, जिस वजह से यह वीडियो खासा सुर्खियों में आ गया है.
सहज योग और कलरिपयट्टू से जुड़ा प्रयोग
इस वीडियो के साथ विद्युत ने एक लंबा नोट भी लिखा है. उन्होंने बताया कि एक कलरिपयट्टू प्रैक्टिशनर के तौर पर वह साल में एक बार सहज योग का अभ्यास करते हैं. उनके मुताबिक, “सहज” का अर्थ है प्राकृतिक अवस्था और मूल प्रवृत्ति की ओर लौटना. इससे इंसान का प्रकृति और अपनी आंतरिक चेतना से गहरा जुड़ाव बनता है. विद्युत ने यह भी समझाया कि वैज्ञानिक रूप से यह अभ्यास शरीर के कई न्यूरोरिसेप्टर्स और प्रोप्रियोसेप्टर्स को सक्रिय करता है. इससे सेंसरी फीडबैक बेहतर होता है, संतुलन और तालमेल में सुधार आता है, साथ ही मानसिक एकाग्रता और शरीर के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है. उनके अनुसार, यह अनुभव इंसान को प्रकृति के और करीब ले जाता है.
फैंस की मजेदार प्रतिक्रियाएं
विद्युत जामवाल का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. फैंस उनके इस साहसिक और अनोखे अंदाज़ पर हैरान नजर आए. किसी ने मजाकिया अंदाज़ में लिखा कि “सर, नेचर में इतना भी डीप नहीं जाना था,” तो किसी ने लिखा, “टार्जन भी पत्ते पहनता है, लेकिन आप तो अलग ही लेवल पर हैं.” एक यूजर ने उन्हें “सुपरह्यूमन” बताते हुए उनके सफर की तारीफ की और यहां तक लिख दिया कि अब वह हॉलीवुड में धलसीम जैसे किरदार के लिए पूरी तरह तैयार हैं. कुल मिलाकर, विद्युत जामवाल का यह वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि वह सिर्फ एक्शन हीरो नहीं, बल्कि अपनी सोच और जीवनशैली से भी लोगों को चौंकाने वाले कलाकार हैं.
यह भी पढ़ें: हुसैन उस्तरा और दाऊद इब्राहिम... शाहिद कपूर की फिल्म 'ओ रोमियो' को लेकर क्यों बढ़ा सस्पेंस?