कैरीबियन क्षेत्र में अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव की लपटें तेज़ होती जा रही हैं. हाल ही में एक घटना ने दोनों देशों के बीच के मौजूदा विवाद को और भड़का दिया है. गुरुवार को वेनेजुएला की वायुसेना के दो F-16 लड़ाकू विमानों ने अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस जेसन डनहम के बेहद करीब से उड़ान भरकर अमेरिका के लिए एक सख्त संदेश देने की कोशिश की.
यह युद्धपोत अमेरिकी नौसेना का एक गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर है, जिसे हाल ही में ट्रंप प्रशासन द्वारा इस क्षेत्र में तैनात किया गया था. अमेरिकी रक्षा विभाग ने इस हरकत को वेनेजुएला का "शक्ति प्रदर्शन" बताया है. अमेरिका का दावा है कि उसकी सैन्य तैनाती का मकसद इस क्षेत्र में सक्रिय ड्रग तस्करों और आपराधिक संगठनों को निशाना बनाना है.
ड्रग तस्करी को लेकर विवाद, बढ़ती साज़िशें
ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अमेरिका का कहना है कि मादुरो की सरकार का संबंध अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल्स से है, और वे अमेरिकी धरती पर नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल हैं. इसी के तहत अमेरिका ने मादुरो की गिरफ्तारी पर इनाम बढ़ाकर 5 करोड़ डॉलर कर दिया है. इन आरोपों को वेनेजुएला ने सिरे से खारिज करते हुए अमेरिका पर राजनीतिक दुश्मनी और सैन्य दखल का आरोप लगाया है. राष्ट्रपति मादुरो ने हाल ही में अमेरिकी युद्धपोतों की मौजूदगी को "अवैध और उकसावेपूर्ण" करार दिया था. इसके जवाब में वेनेजुएला ने अपनी समुद्री सीमा की निगरानी बढ़ा दी है और तटीय क्षेत्रों में ड्रोन व नौसैनिक जहाज तैनात कर दिए हैं.
सैन्य कार्रवाई में बढ़त, गोलीबारी में 11 की मौत
इस पूरे घटनाक्रम के बीच मंगलवार को अमेरिकी सेना ने एक नाव पर कार्रवाई की, जिसमें सवार सभी 11 संदिग्धों की मौत हो गई. अमेरिका का कहना है कि यह नाव वेनेजुएला से नशीले पदार्थ लेकर अमेरिकी सीमा की ओर बढ़ रही थी. अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोग कुख्यात "ट्रेन डे अरागुआ" गिरोह से जुड़े हुए थे, जो वेनेजुएला में सक्रिय एक ड्रग तस्कर नेटवर्क है.
क्षेत्रीय स्थिरता पर खतरे के बादल
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो कैरीबियन क्षेत्र एक नए भू-राजनीतिक संघर्ष का केंद्र बन सकता है. ट्रंप प्रशासन की अगली रणनीति क्या होगी, यह साफ नहीं है, लेकिन क्षेत्र में जिस तरह की सैन्य गतिविधियाँ तेज हो रही हैं, उससे टकराव की आशंका बढ़ती जा रही है.
यह भी पढ़ें: 150 साल जिएंगे पुतिन-जिनपिंग! दोनों नेताओं ने तैयार किया अमर होने का ऐसा प्लान, बातचीत हुई लरीक