Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. सिर्फ तीन साल पहले बनी टीवीके पार्टी अब राज्य में सरकार बनाने जा रही है. पार्टी प्रमुख थलपति विजय ने शनिवार को लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया. इस दौरान विजय ने राज्यपाल को समर्थन देने वाली पार्टियों के पत्र भी सौंपे. इसके साथ ही साफ हो गया है कि तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री थलपति विजय ही होंगे.
समर्थन मिलने के बाद पार किया बहुमत का आंकड़ा
शुरुआत में टीवीके के पास 107 विधायक थे. ऐसे में सरकार बनाने को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं थी. पार्टी बहुमत से पीछे थी और सभी की नजरें सहयोगी दलों पर टिकी हुई थीं.
इसके बाद वीसीके और आईयूएमएल ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया. इन दोनों पार्टियों के समर्थन के बाद विजय के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया. तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी था. अब टीवीके बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है.
TVK Chief Vijay meets Tamil Nadu Governor ahead of govt formation
— ANI Digital (@ani_digital) May 9, 2026
Read @ANI Story| https://t.co/yGmSc6FV56 #TVK #Vijay #TamilNadu #Governor pic.twitter.com/1iyuNJKDyj
रविवार को हो सकता है शपथ ग्रहण
सूत्रों के मुताबिक, थलपति विजय रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 3:15 बजे आयोजित होने की संभावना है. बताया जा रहा है कि इस समारोह में कई बड़े नेता और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके समर्थकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है.
कैबिनेट में होंगे 9 मंत्री
नई सरकार में कुल 9 मंत्री शपथ ले सकते हैं. इनमें से 6 मंत्री टीवीके के होंगे, जबकि 3 मंत्री कांग्रेस को दिए जा सकते हैं. टीवीके की तरफ से जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें सेंगोत्तियन, अधव अर्जुन, एन आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार और राजमोहन शामिल हैं. कांग्रेस की तरफ से किन नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा, इस पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है.
चुनाव नतीजों ने बदली तमिलनाडु की राजनीति
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने इस बार सभी को चौंका दिया था. टीवीके ने डीएमके और एआईएडीएमके जैसी बड़ी पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया. सिर्फ तीन साल पहले बनी पार्टी का इतने कम समय में सरकार बनाने की स्थिति तक पहुंचना तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
समर्थकों में जश्न का माहौल
टीवीके को बहुमत मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है. कई जगहों पर विजय के समर्थक जश्न मनाते और मिठाइयां बांटते नजर आए. फैंस और समर्थकों का कहना है कि अब तमिलनाडु में नई राजनीति और नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
ये भी पढ़ें- तमिलनाडु में 'विजय सरकार' का रास्ता साफ, VCK ने सौंपा विधायकों का समर्थन पत्र; कल हो सकता है शपथ ग्रहण