तमिलनाडु की राजनीति में नए दौर की शुरुआत हो चुकी है. अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय ने रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद ही अपने चुनावी वादों को अमल में लाकर बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया. शपथ ग्रहण समारोह खत्म होते ही विजय ने अपनी सरकार के पहले बड़े फैसलों में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने और महिलाओं की सुरक्षा व कल्याण से जुड़े ‘सिंगापेन’ स्पेशल टास्क फोर्स के गठन का ऐलान किया.
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद विजय ने वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों की मौजूदगी में अहम सरकारी फाइलों पर हस्ताक्षर किए. इसे टीवीके सरकार के प्रशासनिक और कल्याणकारी एजेंडे की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है.
राज्यपाल ने दिलाई मुख्यमंत्री पद की शपथ
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ लेते समय स्टेडियम में मौजूद हजारों समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और फिल्म प्रशंसकों ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया. विजय ने अपने पूरे नाम सी. जोसेफ विजय के नाम पर शपथ ली.
समारोह के दौरान माहौल पूरी तरह उत्साह से भरा नजर आया. विजय के समर्थकों के लिए यह सिर्फ राजनीतिक बदलाव नहीं बल्कि एक नए नेतृत्व की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा था.
बहुमत से पीछे रहने के बावजूद सरकार बनाने में सफल रही TVK
हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. 234 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की. हालांकि बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों का आंकड़ा पार्टी अपने दम पर हासिल नहीं कर सकी, लेकिन कांग्रेस ने सरकार गठन के लिए समर्थन दे दिया.
इसके अलावा सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने भी टीवीके गठबंधन का समर्थन किया. सहयोगी दलों के समर्थन के बाद गठबंधन की ताकत 120 विधायकों तक पहुंच गई और विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया.
सुरक्षा के बीच हुआ भव्य शपथ ग्रहण समारोह
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. स्टेडियम के भीतर करीब 6 हजार मेहमानों को ही विशेष वीआईपी पास के जरिए प्रवेश दिया गया.
चेन्नई पुलिस कमिश्नर की निगरानी में पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई. सुरक्षा के लिए पांच अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और 12 संयुक्त आयुक्तों को तैनात किया गया था. समारोह स्थल और उसके आसपास भारी पुलिस बल मौजूद रहा.
राजनीति और फिल्म जगत की हस्तियां हुईं शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में देश की राजनीति और फिल्म इंडस्ट्री की कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं. लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi भी समारोह में पहुंचे. इसके अलावा गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता, विजय के परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और तमिल फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां भी कार्यक्रम का हिस्सा बनीं.
इन नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली
मुख्यमंत्री विजय के साथ कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली. इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोत्तैयान, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और एस. कीर्तन शामिल रहे.
नई कैबिनेट के गठन के साथ ही तमिलनाडु में सत्ता का नया अध्याय शुरू हो गया है. लंबे समय से राज्य की राजनीति में द्रविड़ दलों का दबदबा रहा था, लेकिन विजय के नेतृत्व में अब राज्य में एक अलग राजनीतिक दिशा देखने को मिल सकती है.
ये भी पढ़ें- Agni-5: एक मिसाइल से कई टारगेट होंगे तबाह, भारत ने किया अग्नि-5 का सफल परीक्षण, जानें ताकत और खासियत