Venezuela News Maduro Arrested: अमेरिकी सेना की कार्रवाई में पकड़े जाने से कुछ ही घंटे पहले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो का रुख पूरी तरह बदला हुआ नजर आया था. अपने आखिरी टेलीविजन इंटरव्यू में उन्होंने वाशिंगटन के प्रति टकराव की बजाय समझौते और सहयोग की बात की. मदुरो ने न सिर्फ अमेरिका से बातचीत के दरवाजे खुले होने की बात कही, बल्कि ड्रग तस्करी के खिलाफ मिलकर काम करने की पेशकश भी की थी. यह इंटरव्यू अब उनके राजनीतिक सफर का आखिरी सार्वजनिक संदेश बन गया है.
राज्य संचालित टीवी चैनल teleSUR पर प्रसारित इंटरव्यू में स्पेन के वरिष्ठ पत्रकार इग्नासियो रामोनेत से बातचीत करते हुए मदुरो ने कहा था कि उनका प्रशासन अमेरिका के साथ गंभीर संवाद के लिए पूरी तरह तैयार है.उन्होंने कहा, “अमेरिकी सरकार अच्छी तरह जानती है कि अगर वे ड्रग तस्करी के खिलाफ किसी ठोस समझौते पर चर्चा करना चाहते हैं, तो हम तैयार हैं. हमने यह संदेश उनके कई प्रतिनिधियों तक पहुंचाया है.” लेकिन इस बयान के 48 घंटे पूरे होने से पहले ही अमेरिकी सेना के अचानक हमले में मदुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया. इस घटनाक्रम ने न केवल सत्ता पर उनकी पकड़ खत्म कर दी, बल्कि उनके अंतिम शब्दों के मायने भी पूरी तरह बदल दिए.
गुप्त हमले पर चुप्पी, ट्रंप ने बाद में की पुष्टि
इंटरव्यू के दौरान मदुरो ने पिछले महीने वेनेजुएला की एक डॉकिंग सुविधा पर हुए कथित गुप्त जमीनी हमले पर टिप्पणी करने से बचते हुए चुप्पी साध ली थी. हालांकि बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस कार्रवाई की पुष्टि की.ट्रंप ने एक अलग इंटरव्यू में दावा किया कि अमेरिका ने नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक अहम शिपिंग सुविधा को तबाह कर दिया है. उन्होंने कहा, “दो रात पहले हमने उसे खत्म कर दिया. हमने बहुत जोरदार प्रहार किया है.”
तेल और निवेश को लेकर अमेरिका को खुला न्योता
राजनीतिक और सैन्य दबाव के बीच मदुरो ने आर्थिक मोर्चे पर भी सुलह का संकेत दिया था. उन्होंने खास तौर पर अमेरिकी ऊर्जा कंपनी शेवरॉन का जिक्र करते हुए कहा कि वेनेजुएला अपने तेल क्षेत्रों में अमेरिकी निवेश का स्वागत करेगा.मदुरो ने कहा था, “अगर उन्हें तेल चाहिए, तो वेनेजुएला अमेरिकी निवेश के लिए तैयार है—जब चाहें, जहां चाहें और जिस तरह चाहें.”यह बयान ऐसे समय आया था, जब वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था लंबे समय से प्रतिबंधों और संकट से जूझ रही है.
ड्रग तस्करी के आरोपों को बताया मनगढ़ंत
अपने संबोधन के अंत में मदुरो ने खुद को शांति का पक्षधर बताते हुए अमेरिकी जनता को संदेश दिया था. उन्होंने कहा था कि वेनेजुएला के लोग और उनकी सरकार अमेरिका के दुश्मन नहीं, बल्कि मित्र हैं.मदुरो ने अमेरिका की ओर से लगाए गए ड्रग तस्करी के आरोपों को पूरी तरह निराधार और गढ़ा हुआ करार दिया था.
आखिरी इंटरव्यू, बदले हालात
आज मदुरो का यह इंटरव्यू उनके शासन के अंतिम सार्वजनिक दस्तावेज की तरह देखा जा रहा है. जिस समय वे संवाद, सहयोग और निवेश की बात कर रहे थे, उसके कुछ ही घंटों बाद हालात पूरी तरह पलट गए. वेनेजुएला की राजनीति में यह एक ऐसा मोड़ साबित हुआ, जिसने देश के भविष्य के साथ-साथ वैश्विक राजनीति को भी नए सवालों के घेरे में ला दिया है.
यह भी पढ़ें: अब वेनेजुएला में अमेरिकी शासन... मादुरो की गिरफ्तारी के बाद ट्रंप का बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा