तेल के मामले में अमेरिका से कई गुना आगे है वेनेजुएला, फिर भी क्यों है खाने के लाले? जानें वजह

US Venezuela Conflict: दक्षिण अमेरिका का देश वेनेजुएला इन दिनों गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है. प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर यह देश बीती रात उस वक्त दहशत में डूब गया, जब राजधानी काराकास में जोरदार धमाकों की आवाजों ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया.

Venezuela many times ahead of America in terms of oil there shortage of food Know the reason
Image Source: Social Media

US Venezuela Conflict: दक्षिण अमेरिका का देश वेनेजुएला इन दिनों गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है. प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर यह देश बीती रात उस वक्त दहशत में डूब गया, जब राजधानी काराकास में जोरदार धमाकों की आवाजों ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया. अमेरिकी हवाई हमलों की खबरों के बीच आम नागरिक सहमे हुए हैं. इस युद्ध जैसे माहौल ने एक बार फिर उस सवाल को केंद्र में ला दिया है, जो सालों से दुनिया पूछती रही है, दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार रखने वाला देश आखिर इतना गरीब और असहाय क्यों है?

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वेनेजुएला के पास साल 2023 तक करीब 303 अरब बैरल प्रमाणित तेल भंडार था. यह आंकड़ा सऊदी अरब, ईरान और कनाडा जैसे बड़े तेल उत्पादक देशों से भी ज्यादा है. तुलना करें तो अमेरिका के पास महज 55 अरब बैरल तेल भंडार है, जो वेनेजुएला से करीब पांच गुना कम है.

कागजों पर देखें तो वेनेजुएला को दुनिया के सबसे समृद्ध देशों में शामिल होना चाहिए था, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है. देश की अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है, महंगाई और बेरोजगारी आम लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है और सरकार बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए भी संघर्ष कर रही है. हैरानी की बात यह है कि तेल के मामले में अमेरिका से कहीं आगे होने के बावजूद वेनेजुएला तेल निर्यात से अमेरिका की कमाई का एक छोटा हिस्सा भी नहीं जुटा पाता.

तेल है, लेकिन निकालना और बेचना मुश्किल

विशेषज्ञों का कहना है कि वेनेजुएला की परेशानी सिर्फ राजनीतिक या आर्थिक नहीं है, बल्कि उसके तेल की प्रकृति भी बड़ी चुनौती है. देश का अधिकांश तेल पूर्वी हिस्से में स्थित ओरिनोको बेल्ट में पाया जाता है. यहां मौजूद कच्चा तेल ‘हेवी क्रूड ऑयल’ की श्रेणी में आता है, जो सामान्य तेल की तुलना में बेहद गाढ़ा और चिपचिपा होता है.

इस तरह के तेल को जमीन से निकालना तकनीकी रूप से कठिन और महंगा होता है. इसके अलावा इसमें सल्फर की मात्रा काफी ज्यादा होती है, जिसे रिफाइन करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और भारी निवेश की जरूरत पड़ती है. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में वेनेजुएला का तेल अपेक्षाकृत सस्ते दामों पर बिकता है. नतीजा यह होता है कि लागत ज्यादा और मुनाफा बेहद कम.

सरकारी बदइंतजामी और भ्रष्टाचार ने बढ़ाया संकट

तेल की गुणवत्ता के साथ-साथ सरकारी कुप्रबंधन ने वेनेजुएला की हालत और बिगाड़ दी है. देश की सरकारी तेल कंपनी पेट्रोलियोस डी वेनेजुएला (PDVSA) पूरे तेल उद्योग को नियंत्रित करती है. लेकिन वर्षों से बुनियादी ढांचे में निवेश न होने के कारण रिफाइनरियां और मशीनें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे उत्पादन क्षमता में भारी गिरावट आई है.

इसके अलावा भ्रष्टाचार, राजनीतिक हस्तक्षेप और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों ने तेल उद्योग को लगभग पंगु बना दिया है. अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के चलते वेनेजुएला को अपने तेल के लिए खरीदार ढूंढने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.

आंकड़े बताते हैं बदहाली की कहानी

इन तमाम कारणों का असर आंकड़ों में साफ दिखता है. साल 2023 में वेनेजुएला का तेल निर्यात सिर्फ करीब 4.05 अरब डॉलर रहा. वहीं सऊदी अरब ने इसी अवधि में लगभग 181 अरब डॉलर और अमेरिका ने करीब 125 अरब डॉलर का तेल निर्यात किया. यह अंतर दिखाता है कि प्राकृतिक संसाधनों का होना ही समृद्धि की गारंटी नहीं होता, अगर उनका सही और पारदर्शी इस्तेमाल न हो.

संकट के बीच भविष्य पर सवाल

आज जब वेनेजुएला युद्ध जैसे हालात और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है, तब यह सवाल और भी गहरा हो गया है कि क्या यह देश अपने तेल के खजाने को कभी सही मायनों में वरदान बना पाएगा. विशेषज्ञ मानते हैं कि जब तक तकनीकी निवेश, पारदर्शी शासन और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में सुधार नहीं होता, तब तक वेनेजुएला की बदहाली दूर होना मुश्किल है, चाहे उसके पैरों के नीचे दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार ही क्यों न हो.

ये भी पढ़ें- Bangladeshi Hindu: बांग्लादेश में एक और हिंदू की मौत, कट्टरपंथियों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया था