Vaikuntha Chaturdashi 2026: वैकुंठ चतुर्दशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है. यह पर्व भगवान विष्णु और महादेव की आराधना के लिए समर्पित माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और विष्णु की एक साथ पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है. इस साल वैकुंठ चतुर्दशी 23 नवंबर, सोमवार को मनाई जाएगी. इस दिन भक्त व्रत रखते हैं और विधि-विधान से दोनों देवताओं की पूजा करते हैं. हालांकि, पूजा-पाठ के साथ कुछ धार्मिक नियमों का ध्यान रखना भी जरूरी माना जाता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि वैकुंठ चतुर्दशी पर क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए.
वैकुंठ चतुर्दशी पर क्या नहीं करना चाहिए?
1. तुलसी के पत्ते न तोड़ें: धार्मिक मान्यता के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी के दिन तुलसी के पत्ते तोड़ने से बचना चाहिए. भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी दल अर्पित करना हो तो इसे एक दिन पहले ही तोड़कर रख लें. मान्यता है कि तुलसी भगवान विष्णु को बेहद प्रिय हैं.
2. मांस-मदिरा के सेवन से बचें: इस दिन खानपान में सात्विकता बनाए रखने की सलाह दी जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी पर मांस, मदिरा, प्याज और लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए. पूजा के दिन मन और भोजन की शुद्धता का ध्यान रखना शुभ माना जाता है.
3. लड़ाई-झगड़े और अपशब्दों से बचें: वैकुंठ चतुर्दशी पर किसी से बहस या विवाद करने से बचना चाहिए. गुस्सा करने, अपशब्द बोलने और दूसरों के प्रति गलत विचार रखने के बजाय प्रेम और शांतिपूर्ण व्यवहार अपनाने की सलाह दी जाती है.
4. शिव और विष्णु की पूजा में भेद न करें: यह पर्व भगवान शिव और विष्णु के हरि-हर स्वरूप और एकता का प्रतीक माना जाता है. इसलिए इस दिन दोनों देवताओं की श्रद्धापूर्वक पूजा करने की परंपरा है. किसी एक देवता को कम महत्व देने के बजाय दोनों का समान भाव से स्मरण करना चाहिए.
5. पूजा में गंदगी और जल्दबाजी न करें: पूजा के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. भगवान को अर्पित किए जाने वाले फूल, फल और दूसरी पूजन सामग्री स्वच्छ होनी चाहिए. जल्दबाजी में पूजा करने के बजाय पूरे मन और श्रद्धा से आराधना करें.
वैकुंठ चतुर्दशी पर क्या करना चाहिए?
1. सुबह स्नान करके पूजा का संकल्प लें: इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें. इसके बाद भगवान विष्णु और महादेव का ध्यान करते हुए व्रत और पूजा का संकल्प लें. संभव हो तो पवित्र नदी में स्नान भी कर सकते हैं.
2. भगवान शिव और विष्णु की पूजा करें: भगवान विष्णु को तुलसी दल और पीले फूल अर्पित करें. वहीं, महादेव को जल, बेलपत्र और फूल चढ़ाएं. दोनों देवताओं की विधि-विधान से पूजा करें और सुख-समृद्धि की कामना करें.
3. दोनों देवताओं के मंत्रों का जाप करें: वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान विष्णु के मंत्र 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' और भगवान शिव के मंत्र 'ॐ नमः शिवाय' का जाप करना शुभ माना जाता है. श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार इन मंत्रों का जाप कर सकते हैं.
4. 14 दीपक जलाने की परंपरा निभाएं: धार्मिक मान्यता के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी पर 14 दीपक जलाने की परंपरा है. शाम या रात के समय घर के मंदिर और आसपास के स्थानों पर दीपक जला सकते हैं.
5. जरूरतमंदों को दान दें: इस दिन अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद लोगों को अनाज, कपड़े, तिल, गुड़, घी और फल का दान करना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि जरूरतमंदों की सहायता करने से पुण्य प्राप्त होता है.
6. विष्णु सहस्रनाम और शिव चालीसा का पाठ करें: वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान विष्णु की आराधना के लिए विष्णु सहस्रनाम का पाठ कर सकते हैं. वहीं, महादेव की भक्ति के लिए शिव चालीसा का पाठ करना शुभ माना जाता है. इससे भक्तों को दोनों देवताओं का स्मरण और ध्यान करने का अवसर मिलता है.
यह भी पढ़ें: Vaikuntha Chaturdashi 2026: कब है वैकुंठ चतुर्दशी? जानें निशीथ काल और पूजा की पूरी विधि