Vaibhav Suryavanshi Batting: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और टूर्नामेंट से पहले ही भारतीय टीम के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर ली हैं. पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे 14 साल के वैभव इस टूर्नामेंट के सबसे चर्चित और आकर्षक खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं. जिस तरह का आत्मविश्वास और फॉर्म वह दिखा रहे हैं, उससे भारतीय टीम को उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद है.
15 जनवरी से जिम्बाब्वे और नामीबिया में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने जा रहा है. इससे पहले सभी टीमों के वॉर्म-अप मैच 10 जनवरी से शुरू हो चुके हैं. भारतीय टीम ने अपना पहला अभ्यास मुकाबला स्कॉटलैंड के खिलाफ खेला. इस मैच में सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर थीं, जिन्होंने एक बार फिर अपने आक्रामक खेल से साबित कर दिया कि वह किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं.
स्कॉटलैंड के खिलाफ भी दिखा आक्रामक तेवर
स्कॉटलैंड के खिलाफ यह वैभव सूर्यवंशी का पहला मुकाबला था, लेकिन उन्होंने कभी भी अनजान विपक्षी होने का दबाव नहीं दिखाया. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ जिस अंदाज में उन्होंने रन बनाए थे, वही आक्रामकता इस मुकाबले में भी देखने को मिली. शुरुआत से ही उन्होंने गेंदबाजों पर हमला बोला और तेजी से रन बटोरने लगे.
महज 27 गेंदों में अर्धशतक
वैभव ने बेहद कम समय में मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी रन बनाने की रफ्तार को बरकरार रखा. मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात होती रही और स्कॉटलैंड के गेंदबाज लगातार दबाव में नजर आए. लगभग हर दूसरे ओवर में उनके बल्ले से बाउंड्री निकल रही थी.
शतक से एक बाउंड्री दूर रह गए
वैभव सूर्यवंशी इस मैच में अपने शतक के बेहद करीब पहुंच गए थे. जब उन्हें शतक पूरा करने के लिए सिर्फ एक बाउंड्री की जरूरत थी, तभी वह 96 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए. उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 7 छक्के शामिल थे. भले ही वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी टीम इंडिया के लिए बेहद सकारात्मक संकेत लेकर आई.
लगातार तीसरे मैच में 50 से ज्यादा रन
यह वैभव सूर्यवंशी का लगातार तीसरा मुकाबला था, जिसमें उन्होंने 50 से अधिक रन बनाए. इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने 68 रन और 127 रन की शानदार पारियां खेली थीं. लगातार ऐसे प्रदर्शन यह दिखाते हैं कि वैभव बड़े टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा की वापसी
इस वॉर्म-अप मैच के साथ ही भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे और उप-कप्तान विहान मल्होत्रा की भी टीम में वापसी हुई. दोनों ही खिलाड़ी कलाई की चोट के कारण साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाए थे. वापसी के बाद कप्तान आयुष ने टीम को तेज शुरुआत दिलाने की कोशिश की और 19 गेंदों में 22 रन बनाए, हालांकि वह बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे. वहीं विहान मल्होत्रा ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया और टीम को मजबूती दी.
पहले मुकाबले में भी रहेगी वैभव पर नजर
अब भारतीय टीम का पहला मुकाबला 15 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ होना है. टीम इंडिया और क्रिकेट फैंस को उम्मीद होगी कि वैभव सूर्यवंशी अपनी मौजूदा फॉर्म को बरकरार रखते हुए वर्ल्ड कप के पहले ही मैच से धमाकेदार शुरुआत करेंगे. जिस तरह की बल्लेबाजी वह हाल के मैचों में दिखा रहे हैं, उससे यह साफ है कि अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में वह सबसे बड़े आकर्षणों में से एक साबित हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- O Romeo Teaser: एग्रेशन...प्यार...ओल्ड अंदाज, 'ओ रोमियो' का टीजर हुआ रिलीज; कब सिनेमाघरों में आएगी फिल्म?