Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया. कप्तान शुभमन गिल की विस्फोटक शतकीय पारी के दम पर गुजरात ने बड़े लक्ष्य को हासिल करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बनाई. अब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा.
मैच खत्म होने के बाद राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का भावुक चेहरा चर्चा का विषय बन गया. डगआउट में चुपचाप बैठे वैभव काफी निराश दिखाई दिए. उनकी आंखों में मायूसी साफ झलक रही थी. शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद टीम को फाइनल तक नहीं पहुंचा पाने का दर्द उनके चेहरे पर साफ देखा जा सकता था.
शानदार सीजन के बावजूद अधूरा रह गया सपना
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के लिए यह सीजन बेहद यादगार रहा. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप की दौड़ में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. हालांकि व्यक्तिगत उपलब्धियों के बावजूद टीम को खिताब की दौड़ में आगे नहीं ले जा पाने का मलाल उनके लिए बड़ा झटका साबित हुआ.
Out of the park, a win in the bag 👊@gujarat_titans reach the final in a sublime fashion 🤩💙
— IndianPremierLeague (@IPL) May 29, 2026
Scorecard ▶️ https://t.co/eupS8cBPc2#TATAIPL | #Qualifier2 | #TheFinalLeap | #GTvRR pic.twitter.com/zM5Zh9nUc7
राजस्थान ने खड़ा किया था मजबूत स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. शुरुआती ओवरों में ही यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई. इसके बावजूद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने पारी को संभालते हुए राजस्थान को 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन तक पहुंचाया.
गुजरात टाइटंस की ओर से जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली.
वैभव सूर्यवंशी ने खेली यादगार पारी
शुरुआती झटकों के बाद वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान की पारी को मजबूती दी. उन्होंने रविंद्र जडेजा के साथ अहम साझेदारी करते हुए टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला. वैभव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बनाए. उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे.
हालांकि वह लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए. दूसरी ओर रविंद्र जडेजा ने 35 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए. अंतिम ओवरों में डोनोवन फरेरा ने केवल 11 गेंदों पर 38 रन ठोककर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
गुजरात टाइटंस के पास दूसरे खिताब का मौका
गुजरात टाइटंस ने आईपीएल इतिहास में तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई है. टीम ने 2022 में अपने पहले ही सीजन में राजस्थान रॉयल्स को हराकर ट्रॉफी जीती थी. इसके बाद 2023 में भी गुजरात फाइनल तक पहुंची, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी. अब टीम के पास एक बार फिर आईपीएल चैंपियन बनने का सुनहरा अवसर है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: रोमांस, सरप्राइज और इमोशंस से भरा रहेगा दिन, किसका होगा ब्रेकअप? जानें आज का लव राशिफल