कांवड़ यात्रा के बीच दर्दनाक घटना, गंगनहर में डूबने से चार श्रद्धालुओं की गई जान

Haridwar News: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया. ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान चार कांवड़ यात्री तेज बहाव की चपेट में आ गए. सभी को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.

Uttrakhand Major tragedy in Haridwar 4 Kanwar pilgrims drown in the Ganga Canal
Image Source: Social Media

Haridwar News: हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया. ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान चार कांवड़ यात्री तेज बहाव की चपेट में आ गए. सभी को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी.

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. दोनों टीमों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी देर की तलाश के बाद चारों युवकों को गंगनहर से बाहर निकाला. उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया.

चंडीगढ़ से आए थे चारों युवक

पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवांशु (16), नीतेश, भरत और रोहित के रूप में हुई है. इनमें शिवांशु, नीतेश और भरत चंडीगढ़ के सेक्टर-16/30 के रहने वाले थे, जबकि रोहित चंडीगढ़ के सेक्टर-26 का निवासी था. चारों युवक कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार पहुंचे थे और गंगनहर में स्नान करते समय हादसे का शिकार हो गए.

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. गोताखोरों ने तुरंत गंगनहर में तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला. हादसे के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है. मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है.

गंगा में बह रहे दो युवकों की बचाई गई जान

इसी दौरान एक दूसरी घटना में गंगा नदी के तेज बहाव में दो युवक बहने लगे. वहां ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते रेस्क्यू होने से उनकी जान बच गई.

ये भी पढ़ें- Cabinet Decisions: किसानों से लेकर ऊर्जा सुरक्षा तक... जानें कैबिनेट मीटिंग में किन फैसलों पर लगी मुहर?