रक्षाबंधन पर CM धामी का बड़ा तोहफा, 2 दिन रोडवेज बसों में मुफ्त सफर करेंगी उत्तराखंड की महिलाएं

रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली महिलाओं के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार खास सुविधा का ऐलान किया है.

uttarakhand-raksha-bandhan-free-bus-travel-women-two-days
Image Source: ANI

देहरादून: रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली महिलाओं के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार खास सुविधा का ऐलान किया है. पहली बार उत्तराखंड रोडवेज की बसों में महिलाओं को सिर्फ त्योहार के दिन ही नहीं, बल्कि लगातार दो दिनों तक निशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा. शासन की ओर से आदेश जारी होने के बाद 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाली महिलाओं से राज्य की सीमा के भीतर कोई किराया नहीं लिया जाएगा. खास बात यह है कि सुविधा साधारण और सीएनजी बसों के साथ-साथ वोल्वो और एसी बसों में भी लागू रहेगी.

दो दिन क्यों दी गई मुफ्त यात्रा की सुविधा?

उत्तराखंड परिवहन निगम हर साल रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देता है, ताकि भाई को राखी बांधने के लिए सफर करने वाली बहनों को आर्थिक परेशानी न हो. इस बार यह सुविधा दो दिनों के लिए लागू करने का फैसला किया गया है. रोडवेज के जीएम संचालन क्रांति सिंह के मुताबिक, हल्द्वानी से देहरादून या राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों तक यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए एक ही दिन में आना-जाना कई बार संभव नहीं होता. इसी वजह से 28 और 29 अगस्त को मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की गई है. त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है और सभी डिपो के एआरएम को इसके संबंध में निर्देश दिए जा रहे हैं.

उत्तराखंड की सीमा के अंदर ही मुफ्त सफर

मुफ्त यात्रा की सुविधा उत्तराखंड राज्य की सीमा तक ही लागू होगी. यानी अगर कोई महिला हल्द्वानी से दिल्ली की यात्रा करती है, तो उत्तराखंड की सीमा के भीतर आने वाले हिस्से का किराया नहीं देना होगा, लेकिन राज्य की सीमा पार करने के बाद आगे की यात्रा के लिए निर्धारित किराया देना पड़ेगा. इसी तरह बरेली जाने वाली महिला को उत्तराखंड की सीमा तक निशुल्क यात्रा मिलेगी और इसके बाद का किराया लिया जाएगा. उदाहरण के तौर पर हल्द्वानी से दिल्ली जाते समय रुद्रपुर तक किराया नहीं लगेगा, जबकि बिलासपुर के बाद का टिकट लेना होगा. परिवहन निगम मुफ्त यात्रा के बाद इसका पूरा बिल तैयार करके शासन को भेजेगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत शासन स्तर से निगम को भुगतान किया जाएगा.

बहनों के लिए राहत, त्योहार पर सफर होगा आसान

रक्षाबंधन के दौरान उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय इलाकों के बीच बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार तक पहुंचने के लिए रोडवेज बसों का इस्तेमाल करती हैं. ऐसे में दो दिन तक मुफ्त यात्रा की सुविधा न सिर्फ उनके खर्च को कम करेगी, बल्कि दूरदराज के इलाकों से आने-जाने वाली महिलाओं को अतिरिक्त समय भी देगी. साधारण बसों के साथ एसी और वोल्वो बसों को भी योजना में शामिल किए जाने से सुविधा का दायरा और बढ़ गया है. सरकार और परिवहन निगम का यह फैसला खासतौर पर उन महिलाओं के लिए राहत लेकर आया है, जिन्हें रक्षाबंधन के अवसर पर लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ती है.

ये भी पढ़ें: सूरत से जयपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री की अचानक बिगड़ी तबीयत