Ghaziabad Factory Fire: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सोमवार को एक बड़ा अग्निकांड सामने आया. एनएच-24 के पास स्थित एलएन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कंपनी का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया. घटना के बाद आसपास के इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी.
सीएनसी मशीन में खराबी से लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कंपनी में लगी सीएनसी मशीन में तकनीकी खराबी आने के बाद आग भड़की. बताया जा रहा है कि मशीन अत्यधिक गर्म हो गई थी, जिसके चलते चिंगारी निकली और फिर आग ने तेजी से पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. कंपनी में पंखे और लाइट बनाने का काम होता है, जहां बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी. इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई.
#WATCH | Ghaziabad, Uttar Pradesh | Fire officer says, "...Firefighting operations are actively underway...An investigation into the incident is currently in progress; at this moment, the exact cause remains undetermined. We have fully cordoned off the factory area and are… https://t.co/Ojxem5OjBE pic.twitter.com/zPrkinSWVs
— ANI (@ANI) May 25, 2026
आग की लपटें दूर तक दिखीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं और कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं. फैक्ट्री से निकलता काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया. आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. पुलिस और प्रशासन ने लोगों को मौके से दूर रहने की सलाह दी.
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है. हालांकि आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि शुरुआती घंटों में उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका. बाद में अतिरिक्त दमकल गाड़ियों और कर्मचारियों को भी बुलाया गया.
दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछारें डालकर आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं. फैक्ट्री के अंदर मौजूद ज्वलनशील सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
समय रहते खाली कराई गई फैक्ट्री
सबसे राहत की बात यह रही कि आग लगते ही कंपनी को तुरंत खाली करा लिया गया. फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया.
कंपनी को भारी नुकसान की आशंका
इस हादसे में कंपनी को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फैक्ट्री में रखा तैयार माल, मशीनें और अन्य उपकरण आग में जलकर खाक हो गए. आग के चलते उत्पादन कार्य भी पूरी तरह प्रभावित होने की संभावना है.
प्रशासन ने शुरू की जांच
स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. शुरुआती जांच में मशीन के अत्यधिक गर्म होने को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी. अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सही कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- अभिषेक बनर्जी के घर पर अचानक क्यों पहुंची पुलिस? बाहर ले गई स्क्रीन ने बढ़ाई हलचल, जानें पूरा मामला