Ghaziabad Double Murder: गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के रामपार्क इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड (डबल मर्डर) के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
क्या है पूरी घटना?
ट्रोनिका सिटी की बुद्ध बाजार कॉलोनी में राशिद नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी शबनम और 7 बच्चों के साथ रहता था. राशिद बांस-बल्लियों का काम करता है. पुलिस के मुताबिक, राशिद का दोस्त फहीम अक्सर उसके घर आता-जाता था. राशिद को शक था कि उसकी पत्नी शबनम और फहीम के बीच अवैध संबंध हैं. इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था.
खाने पर बुलाया और कर दी हत्या
घटना वाली रात राशिद ने फहीम को अपने घर खाने पर बुलाया था. सबने साथ मिलकर खाना खाया. इसके बाद राशिद, शबनम और फहीम एक कमरे में बैठकर बात कर रहे थे. तभी अचानक कमरे से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं. गुस्से में आकर राशिद ने तमंचे से शबनम और फहीम पर गोलियां चला दीं. गोली इतनी करीब से मारी गई थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि घटना रात करीब 12:40 बजे की है. इस मामले में आरोपी राशिद वारदात के बाद से फरार है, घर पर ताला लटका हुआ है. राशिद को पकड़ने के लिए पुलिस की 3 टीमें बनाई गई हैं. शबनम और राशिद के 7 बच्चे हैं, जिनमें से बड़े बेटे की शादी भी हो चुकी है. इस एक कदम ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को बिखेर कर रख दिया है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: RCB को लगा बड़ा झटका, इस गेंदबाज को पूरे सीजन से होना पड़ा बाहर; जानें कारण