CM Yogi Adityanath Holi Statement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने होली के अवसर पर पांडेयहाता में आयोजित श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति की भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
शाम को मुख्यमंत्री ने भक्त प्रह्लाद और होलिका की आरती उतारी और शोभायात्रा के साथ मौजूद लोगों के साथ फूलों की होली खेली. इस अवसर पर वहां बड़ी संख्या में लोग जुटे और उत्सव का आनंद लिया.
शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोभूमि, जनपद गोरखपुर के पाण्डेयहाता में 'श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति' द्वारा निकाली गई भक्त प्रह्लाद जी की भव्य ऐतिहासिक शोभायात्रा में आज सहभागी होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 2, 2026
दशकों से चली आ रही यह गौरवशाली परंपरा सनातन आस्था,… pic.twitter.com/G6qsns7OCQ
सीएम योगी का संदेश
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में हर त्योहार से पहले कर्फ्यू लग जाता था, दंगे होते थे और अराजकता का माहौल रहता था. लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब हर जाति और धर्म के लोग मिल-जुलकर होलिका दहन और अन्य त्योहारों को मना रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पहले जाति और धर्म के नाम पर वैमनस्यता फैलाई जाती थी और सरकारें लोगों को बांटती थीं. लेकिन अब माफिया और अराजकता फैलाने वाले तत्वों का नामोनिशान मिट गया है. आज लोग त्योहारों को एक परिवार की तरह शांति, सद्भाव और उत्साह के साथ मना रहे हैं.
धार्मिक प्रतीकों और शिक्षा का संदेश
सीएम योगी ने अपने भाषण में धार्मिक कथाओं का हवाला देते हुए कहा कि हिरण्यकश्यप, कंस और रावण जैसे दुष्टों के लिए भगवान नृसिंह और प्रभु श्रीराम को अवतार लेना पड़ता है. उनका कहना था कि धर्म और संस्कृति के मूल संदेश का पालन करते हुए प्रदेश में हर व्यक्ति को सुरक्षा और सम्मान की भावना महसूस होनी चाहिए.
पांडेयहाता में आयोजित इस होलिका दहन उत्सव में हर धर्म और जाति के लोग शामिल हुए, जो प्रदेश की एकता का प्रतीक बनता है. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि इसी तरह मिल-जुलकर रहें और प्रदेश को और मजबूत बनाएं.
सुरक्षा और अधिकारियों के निर्देश
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि होली का पर्व शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी जगह गड़बड़ नहीं होने पाए और किसी भी असामाजिक तत्व को पहले ही चेतावनी दी जाए. पुलिस अधिकारियों को लगातार इलाके में गश्त करने और स्थिति पर निगरानी रखने के लिए कहा गया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखपुर सांसद रवि किशन, बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और स्थानीय लोग इस कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने भी लोगों के साथ मिलकर उत्सव की भव्यता का आनंद लिया.
ये भी पढ़ें- यूएई के बाद नरेंद्र मोदी ने बहरीन और सऊदी अरब के नेताओं से की बात, ईरान हमलों पर जताई कड़ी आपत्ति