अमेरिका से भागा, कनाडा में छिपा और फिर भारत आया; जालंधर में पकड़ा गया मोस्ट वांटेड मंजीत सिंह बेदी

अमेरिका में सरकारी खाद्य सहायता योजना में कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित मंजीत सिंह बेदी आखिरकार पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ गया. अमेरिकी जांच एजेंसियों की तलाश में चल रहे बेदी को जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

us-snap-fraud-wanted-manjeet-bedi-arrested-jalandhar-police
Image Source: Social Media

अमेरिका में सरकारी खाद्य सहायता योजना में कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित मंजीत सिंह बेदी आखिरकार पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ गया. अमेरिकी जांच एजेंसियों की तलाश में चल रहे बेदी को जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपों की यह कहानी अमेरिका के वाशिंगटन राज्य से शुरू होकर कनाडा और फिर भारत तक पहुंची. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है.

EBT कार्ड से नकद देने का आरोप

मंजीत सिंह बेदी वाशिंगटन के ताकोमा में ‘एशियन ग्रॉसरी स्टोर’ नाम से दुकान चलाता था और SNAP योजना के लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराता था. आरोप है कि उसने लाभार्थियों के EBT कार्ड से राशन की खरीदारी कराने के बजाय कार्ड स्वाइप कर उन्हें नकद रकम देना शुरू कर दिया. इसके बदले वह कथित तौर पर रकम का 50 प्रतिशत अपने पास रखता था. अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार, मार्च 2024 से जून 2025 के बीच इस कथित धोखाधड़ी से सरकार को कम से कम 6 लाख डॉलर यानी करीब 5.3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.

अमेरिका की शर्तें तोड़कर पहुंचा कनाडा

मामला सामने आने के बाद बेदी पर वायर फ्रॉड और SNAP लाभ धोखाधड़ी के आरोपों में कार्रवाई शुरू हुई. अदालत ने उसे कुछ शर्तों के साथ बाहर रहने की अनुमति दी थी, जिसमें पासपोर्ट जमा करना और वाशिंगटन राज्य में ही रहने का निर्देश शामिल था. आरोप है कि बेदी ने इन शर्तों का उल्लंघन करते हुए सड़क मार्ग से अमेरिका-कनाडा सीमा पार की और कनाडा पहुंच गया. इसके बाद वह अप्रैल 2026 में भारत आ गया.

अमेरिकी वारंट के बाद पंजाब में छिपकर रहने का आरोप

अमेरिकी अदालत ने 21 मई 2026 को बेदी के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया. अमेरिकी एजेंसियों की तलाश के बीच उसने पंजाब में अपनी पहचान छिपाकर रहने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की खुफिया टीमों ने उसकी गतिविधियों और कथित नेटवर्क का पता लगा लिया. इसके बाद जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस उसके भारत में ठिकानों और संपर्कों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है.

प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर नजर

गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस अमेरिकी एजेंसियों और संबंधित विभागों के संपर्क में है. आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ बेदी के अमेरिका प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है. अमेरिका में कथित 5.3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से शुरू हुई यह कहानी कनाडा के रास्ते भारत तक पहुंची, लेकिन लंबी तलाश के बाद आरोपी जालंधर में पुलिस की गिरफ्त में आ गया. अब मामले में आगे की कार्रवाई अमेरिकी और भारतीय एजेंसियों के बीच समन्वय से तय होगी.

ये भी पढ़ें: PM मोदी की चेतावनी को यूरोप ने किया नजरअंदाज! बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने अब मानी गलती, देखें VIDEO