नई दिल्ली: कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के मामले में अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है. अमेरिकी अधिकारियों ने भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर इस हत्या का आदेश देने का आरोप लगाया है.
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में मंगलवार को जारी संघीय आरोप-पत्र में कहा गया है कि 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में गुरुद्वारे के बाहर हुई निज्जर की हत्या के पीछे इन दोनों का नाम सामने आया है.
कई देशों ने मिलकर चलाया अभियान
अदालती दस्तावेजों में हरदीप सिंह निज्जर का नाम संक्षेप में H.S.N. लिखा गया है. इस मामले में 'ऑपरेशन हार्डबॉल' नाम से अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई की.
The #FBI is offering a reward of up to $50,000 for information leading to the arrest of Satinderjeet Singh, #wanted for his alleged involvement in the Lawrence Bishnoi Organized Crime Group which is allegedly engaged in a variety of violent acts in Southern California, and across… pic.twitter.com/BdCxmELUKv
— FBI Most Wanted (@FBIMostWanted) July 7, 2026
इस अभियान के दौरान 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 11 आरोपी कैलिफोर्निया से पकड़े गए. जांच एजेंसियों का दावा है कि ये लोग भारत से संचालित तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध सिंडिकेट से जुड़े हुए थे और उन पर निज्जर हत्याकांड समेत कई गंभीर अपराधों के आरोप हैं.
हत्या के बाद बिगड़े थे भारत-कनाडा संबंध
निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था. उस समय कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने इस हत्या में भारत सरकार की भूमिका होने का आरोप लगाया था.
भारत ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया था.
37 आरोपियों के खिलाफ केस
अमेरिकी जांच के तहत जारी तीन अलग-अलग आरोप-पत्रों में कुल 37 लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं. इनमें दो ऐसे आरोपी भी शामिल हैं जो भारत की जेल में बंद हैं, लेकिन उन पर जेल से ही अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोह चलाने का आरोप है.
अमेरिका में 11 लोगों को कैलिफोर्निया, जबकि एक-एक आरोपी इंडियाना और जॉर्जिया से गिरफ्तार किया गया है. सभी को संघीय अदालत में पेश किया जाना है.
कनाडा और स्पेन में भी हुई गिरफ्तारी
जांच एजेंसियों ने कनाडा में तीन और स्पेन में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. इसके अलावा सात आरोपी पहले से हिरासत में हैं.
अभी भी 10 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. इनमें सात अमेरिका, दो भारत और एक यूरोप में छिपा हुआ है.
गोल्डी बराड़ अब भी फरार
लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में बंद है, जबकि उसका करीबी गोल्डी बराड़ अब भी फरार है. अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए 50,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की है.
अमेरिकी अधिकारियों ने क्या कहा?
एफबीआई के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के अधिकारी पैट्रिक ग्रांडी ने कहा कि इस संयुक्त अभियान से तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय अपराध संगठनों को बड़ा झटका लगा है. उनके अनुसार ये गिरोह हत्या, हिंसा, जबरन वसूली और दूसरे गंभीर अपराधों के जरिए लोगों में डर फैलाते थे.
वहीं, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के कमिश्नर माइक डुहेम ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य उन संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करना है जो कनाडा और अमेरिका में लोगों को डराकर उनसे वसूली करते थे. उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करती रहेंगी.
ये भी पढ़ें- E20 Petrol: 'एक भी कार का नाम बताइए जिसमें एथनॉल से दिक्कत आई हो', नितिन गडकरी ने आलोचकों को दी चुनौती