UPSSSC PET 2026 Notification: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए नई उम्मीद की शुरुआत हो गई है. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस परीक्षा के जरिए भविष्य में निकलने वाली कई महत्वपूर्ण भर्तियों में आवेदन का रास्ता खुलता है. आयोग की घोषणा के बाद अब उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया की तैयारी में जुट सकते हैं, क्योंकि PET को राज्य की सबसे अहम पात्रता परीक्षाओं में माना जाता है.
3 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन
आयोग के मुताबिक PET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 1 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. यदि आवेदन पत्र भरने के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो उसमें 8 सितंबर 2026 तक संशोधन करने का अवसर मिलेगा. आवेदन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे. PET परीक्षा लेखपाल, जूनियर असिस्टेंट, ग्राम विकास अधिकारी (VDO), असिस्टेंट अकाउंटेंट, एक्स-रे टेक्नीशियन समेत कई अन्य पदों पर होने वाली भर्तियों के लिए अनिवार्य पात्रता परीक्षा है.
योग्यता और आवेदन शुल्क की पूरी जानकारी
PET 2026 में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है. अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 के अनुसार न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग, पूर्व सैनिक, खिलाड़ियों और दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी. आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी वर्ग के लिए 185 रुपये, एससी-एसटी वर्ग के लिए 95 रुपये तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए केवल 25 रुपये प्रोसेसिंग फीस तय की गई है. शुल्क का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए किया जा सकेगा.
निगेटिव मार्किंग का रखना होगा ध्यान
UPSSSC PET 2026 परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी. परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और इसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे. ऐसे में अभ्यर्थियों को केवल उन्हीं प्रश्नों का उत्तर देना चाहिए जिनके बारे में उन्हें पूरा विश्वास हो, क्योंकि निगेटिव मार्किंग अंतिम स्कोर पर असर डाल सकती है.
क्यों अहम है PET 2026 परीक्षा?
उत्तर प्रदेश सरकार की अधिकांश ग्रुप-सी श्रेणी की भर्तियों में आवेदन करने के लिए PET स्कोर पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त बन चुका है. यही वजह है कि हर साल लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं. PET में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को भविष्य में निकलने वाली विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने का अवसर मिलता है. इसलिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना और परीक्षा की तैयारी शुरू करना उम्मीदवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा.
ये भी पढ़ें: 9 हजार लगाओ, हर महीने कमाओ... गाजियाबाद में लालच देकर 5000 करोड़ डकार गईं कंपनियां, 10 लोगों पर FIR