Upcoming Smartphone in February: अगर आप स्मार्टफोन खरीदने का सोच रहे हैं, तो फरवरी महीने में आपके पास कई बेहतरीन विकल्प होंगे. अगले महीने स्मार्टफोन बाजार में कई नए और प्रीमियम स्मार्टफोन लॉन्च होने जा रहे हैं, जिनका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था. सैमसंग की फ्लैगशिप गैलेक्सी S26 सीरीज से लेकर iQOO और Vivo जैसी कंपनियों के नए स्मार्टफोन तक, इस महीने मार्केट में जबरदस्त हलचल होने वाली है. तो आइए, जानते हैं कि फरवरी में कौन से स्मार्टफोन लॉन्च होने वाले हैं और इनमें क्या खास होगा.
सैमसंग गैलेक्सी S26 सीरीज
सैमसंग की गैलेक्सी S26 सीरीज को लेकर यूजर्स में बेहद उत्साह है. यह सीरीज फरवरी के आखिरी सप्ताह में लॉन्च होगी और इसकी बिक्री मार्च से शुरू हो सकती है. गैलेक्सी S26, S26 प्लस और S26 अल्ट्रा जैसे तीन मॉडल्स की लॉन्चिंग से सैमसंग अपने यूजर्स को एक नया स्मार्टफोन अनुभव देने की कोशिश करेगा. हालांकि, S25 सीरीज की तुलना में इन स्मार्टफोन्स में ज्यादा बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण सुधार और रिफाइनमेंट जरूर देखने को मिल सकते हैं.
iQOO 15 Ultra और 15R
iQOO भी फरवरी में धमाकेदार एंट्री करने वाला है. iQOO 15 Ultra और 15R स्मार्टफोन फरवरी के पहले हफ्ते में चीन में लॉन्च होंगे और फिर 24 फरवरी को भारत में भी इनकी लॉन्चिंग हो जाएगी. iQOO 15 Ultra स्मार्टफोन में Snapdragon 8 Elite Gen 5 चिपसेट, 50MP का ट्रिपल रियर कैमरा और 7,400mAh की बैटरी जैसे शानदार फीचर्स दिए जा सकते हैं. अगर आप एक गेमिंग और कैमरा प्रेमी हैं तो ये फोन आपके लिए बेहतरीन साबित हो सकते हैं.
Vivo V70 सीरीज
चाइनीज कंपनी Vivo भी फरवरी में अपनी V70 सीरीज को लॉन्च करने वाली है. इस सीरीज में दो मॉडल्स Vivo V70 और Vivo V70 Elite शामिल होंगे, जो स्मार्टफोन यूजर्स के बीच खासी पसंद किए जाएंगे. दोनों फोन में Snapdragon चिपसेट के साथ Zeiss-पावर्ड रियर कैमरा सेटअप मिलेगा. इसके अलावा, दोनों स्मार्टफोन में 6,500mAh की बड़ी बैटरी पैक की जाएगी, जो लंबी बैटरी लाइफ देने का वादा करती है.
iPhone 17e
एप्पल अपने किफायती स्मार्टफोन iPhone 17e को भी फरवरी में लॉन्च कर सकता है. iPhone 17e, iPhone 17 सीरीज का सस्ता वेरिएंट हो सकता है, जिसमें A19 चिपसेट और डायनामिक आईलैंड जैसी शानदार सुविधाएं मिल सकती हैं. इसके अलावा, आईफोन की कीमत भी किफायती होने की उम्मीद है, जिससे बजट में स्मार्टफोन लेने वालों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है.
Google Pixel 10a
गूगल भी फरवरी में अपने Pixel 10a स्मार्टफोन को लॉन्च करने की योजना बना रहा है. Pixel 10a में 6.3 इंच का FHD AMOLED डिस्प्ले और Tensor G4 चिपसेट होगा, जिसे 8GB रैम के साथ जोड़ा जाएगा. इस स्मार्टफोन में 48MP का प्राइमरी कैमरा और 13MP का सेकेंडरी कैमरा मिल सकता है, जिससे फोटोग्राफी का अनुभव और भी बेहतर होगा. साथ ही, 5,100mAh की बैटरी लंबी बैटरी लाइफ का वादा करती है, जिससे यह एक किफायती लेकिन शक्तिशाली विकल्प साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: इंटरनेट के बाद अब स्टारलिंक फोन लॉन्च करेंगे एलन मस्क, Apple और Samsung की छुट्टी तय!