UP Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए दो अहम विज्ञापन जारी किए हैं. इन दोनों भर्तियों के जरिए कुल 15,012 पदों को भरा जाएगा. आवेदन प्रक्रिया अलग-अलग तारीखों से शुरू होगी, इसलिए अभ्यर्थियों के लिए नोटिफिकेशन में दी गई समयसीमा पर नजर रखना जरूरी है.
12,405 सहायक अध्यापक पदों पर होगी भर्ती
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी के 897 पद शामिल हैं. वहीं बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक (शहरी) के 11,508 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इस तरह सहायक अध्यापक की दोनों श्रेणियों में कुल 12,405 रिक्त पद भरे जाएंगे.
16 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
सहायक अध्यापक सम्बद्ध प्राइमरी और सहायक अध्यापक (शहरी) पदों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर 2026 से शुरू होगी. अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 तक आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे. वहीं ऑनलाइन आवेदन में संशोधन के लिए 19 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है. इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है.
PGT के 2,607 पदों पर भी मौका
शिक्षक भर्ती अभियान में पीजीटी यानी प्रवक्ता संवर्ग के पद भी शामिल हैं. माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में पीजीटी के कुल 2,607 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन संख्या 06/2026 जारी किया गया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 18 सितंबर 2026 से होगी.
17 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे फीस
पीजीटी भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को 17 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने का मौका मिलेगा. आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर 2026 तय की गई है. वहीं पीजीटी पदों के लिए लिखित परीक्षा 15 और 16 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. इस तरह दोनों भर्तियों को मिलाकर प्रदेश में शिक्षक के 15,012 पदों पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
आवेदन से पहले OTR करना होगा पूरा
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR की व्यवस्था लागू की है. संबंधित भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके बाद ही वे भर्ती के लिए आवेदन कर पाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें.
नोटिफिकेशन पढ़ने के बाद ही करें आवेदन
आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ने की अपील की है. भर्ती की पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी शर्तों की जानकारी नोटिफिकेशन में दी गई है. अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जारी निर्देशों को देखना चाहिए.
ये भी पढ़ें- इथेनॉल प्लांट, स्मार्ट स्कूल और एक्सप्रेसवे... योगी कैबिनेट मीटिंग में 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर