लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए पांच आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा रामपुर पुलिस अधीक्षक के बदलाव की हो रही है. सरकार ने सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ में तैनात आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह को रामपुर का नया एसपी नियुक्त किया है, जबकि मौजूदा एसपी सोमेन्द्र मीना को क्षेत्रीय अभिसूचना (RI) आगरा भेज दिया गया है. इस आदेश के बाद प्रशासनिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
रामपुर में अनिल कुमार सिंह को मिली नई जिम्मेदारी
गृह विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश के मुताबिक, आईपीएस बैच 2015 के अधिकारी अनिल कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ के पद से हटाकर रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. वहीं, आईपीएस बैच 2017 के अधिकारी सोमेन्द्र मीना, जो अब तक रामपुर के एसपी थे, उनका तबादला पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना, आगरा के पद पर किया गया है. खास बात यह है कि यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब रामपुर में आजम खान के जौहर विश्वविद्यालय को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज मानी जा रही हैं.

इन अधिकारियों के भी बदले गए पद
तबादला सूची में अन्य अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. ललितपुर के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक को पुलिस उपायुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ बनाया गया है. वहीं, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात गोपाल कृष्ण चौधरी को 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ का सेनानायक नियुक्त किया गया है. इसके अलावा एटा स्थित 43वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक संजीव कुमार बाजपेई को ललितपुर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है.
प्रशासनिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा फैसला
योगी सरकार के इस ताजा प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और संवेदनशील जिलों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. विशेष रूप से रामपुर में एसपी का बदलाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि आने वाले दिनों में वहां कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाइयों की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती को सरकार की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद को 868 करोड़ के विकास की सौगात, कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी का विपक्ष को दोटूक जवाब