CM Yogi In Ghaziabad: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद, शामली और बिजनौर का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. गाजियाबाद में उन्होंने 868 करोड़ रुपये, शामली में 617.70 करोड़ रुपये और बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी.
गाजियाबाद में राजपाल त्यागी की प्रतिमा का किया अनावरण
गाजियाबाद पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर विधायक अजितपाल त्यागी, गिरीशपाल त्यागी और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजपाल त्यागी जनता के बीच बेहद लोकप्रिय नेता थे. उन्होंने छह बार विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें दो बार निर्दलीय चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. उन्होंने कहा कि जब राजनीति जनता की सेवा का माध्यम बनती है, तभी कोई नेता लोगों के दिलों में जगह बना पाता है.
जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुनकर आते हैं और उनमें निर्णय लेने का सामर्थ्य होता है, तब विकास की प्रक्रिया मजबूती के साथ आगे बढ़ती है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 17, 2026
जनपद गाजियाबाद में आज मुरादनगर एवं मोदीनगर विधान सभा क्षेत्रों हेतु ₹868 करोड़ से अधिक लागत की 90 जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।… pic.twitter.com/pT4sxVaY66
गाजियाबाद के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गाजियाबाद आज तेजी से विकास कर रहा है. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब यहां की कानून व्यवस्था को लेकर गलत पहचान बन गई थी, लेकिन अब शहर की तस्वीर बदल चुकी है.
उन्होंने कहा कि आज बेहतर सड़कें बन रही हैं, शहर साफ-सुथरा हो रहा है और देश की पहली रीजनल रैपिड रेल भी यहीं से शुरू हुई. उन्होंने कहा कि अब मेरठ से दिल्ली की दूरी भी काफी कम हो गई है.
कानून व्यवस्था और कांवड़ यात्रा पर बोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां सुरक्षा और अच्छा शासन होता है, वहीं विकास भी तेजी से होता है. उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जाती थीं, लेकिन सरकार ने बेहतर व्यवस्था करके इसे सफल बनाया.
उन्होंने लोगों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और सभी की आस्था का सम्मान करें. मुख्यमंत्री ने बताया कि गाजियाबाद के प्रसिद्ध दूधेश्वरनाथ मंदिर में कॉरिडोर का निर्माण भी किया जा रहा है.
कृषि विभाग के स्टॉल का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी भी देखी. कृषि विभाग के स्टॉल पर उन्हें किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई. अधिकारियों ने सोलर लाइट ट्रैप, प्राकृतिक खेती और श्री अन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने से जुड़े प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने इन पहलों की सराहना की और किसानों को नई तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया.
शामली में 90 परियोजनाओं की सौगात
गाजियाबाद से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामली पहुंचे. यहां उन्होंने करीब 617.70 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जिले में बेहतर सड़क, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
बिजनौर में 1003 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू
इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचे, जहां उन्होंने 1003 करोड़ रुपये की 76 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बिजनौर के विकास को नई रफ्तार दे रही है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार हरिद्वार तक किया जाएगा, जिससे बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
बिजनौर के विकास पर कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज बिजनौर तेजी से आगे बढ़ रहा है. जिले में सड़क, रेलवे और मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है और सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विकास कार्यों की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और प्रदेश के हर जिले तक इसका लाभ पहुंचाया जाएगा.
ये भी पढ़ें- लखनऊ में खुला ‘मिनी जामताड़ा’ का राज, अमेरिकी नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट कर 200 करोड़ की ठगी, 7 गिरफ्तार