UP News: बुजुर्गों के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, अब हर हफ्ते वृद्धाश्रम में पहुंचेंगे डॉक्टर

उत्तर प्रदेश में वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों की सेहत और सम्मानजनक जीवन को लेकर सरकार की ओर से सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. समाज कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी 75 वृद्धाश्रमों में नियमित साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं.

up-government-improves-healthcare-facilities-across-old-age-homes
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश में वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों की सेहत और सम्मानजनक जीवन को लेकर सरकार की ओर से सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. समाज कल्याण विभाग ने प्रदेश के सभी 75 वृद्धाश्रमों में नियमित साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं. इन शिविरों में डॉक्टरों की टीम आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की बीपी, शुगर, आंखों और सामान्य स्वास्थ्य की जांच करेगी. जरूरत पड़ने पर उन्हें आवश्यक दवाएं भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी.

हर सप्ताह होगी बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच

वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को साप्ताहिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. चिकित्सकों की टीम आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की जांच करेगी. बीपी, शुगर और नेत्र परीक्षण के साथ सामान्य स्वास्थ्य की भी जांच होगी. इस व्यवस्था का मकसद बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और जरूरत पड़ने पर समय रहते चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना है.

पेयजल, टीवी और पुस्तकालय के साथ योग-ध्यान की सुविधा

स्वास्थ्य सुविधाओं के अलावा वृद्धाश्रमों में बुजुर्गों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. आश्रमों में स्वच्छ पेयजल, टीवी और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. साथ ही बुजुर्गों को सक्रिय और सकारात्मक दिनचर्या से जोड़ने के लिए योग और ध्यान के सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं. विभाग की ओर से वृद्धाश्रमों के बुनियादी ढांचे और वहां उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है.

पेंशन और आयुष्मान से भी जोड़े जा रहे बुजुर्ग

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह के मुताबिक, प्रदेश के 75 वृद्धाश्रमों में फिलहाल 6,607 बुजुर्ग रह रहे हैं. इनमें 4,901 पात्र बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है, जबकि 2,551 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं. वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान 1,073 नए बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है. सरकार का फोकस आश्रय के साथ स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने पर भी है.

ये भी पढ़ें: 20 दिन में 6 बार सांप ने काटा, हर बार काला नाग... इटावा के युवक की कहानी सुनकर डॉक्टर भी रह गए दंग