UP Holiday Calendar 2027: उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए साल 2027 का छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है. योगी आदित्यनाथ सरकार ने नए कैलेंडर में कुल 26 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए हैं. इसके अलावा कर्मचारियों को 27 निर्बंधित अवकाश और कार्यकारी आदेशों के तहत दो अन्य छुट्टियों का लाभ भी मिलेगा. इस बार छुट्टियों की सूची में तीन नए बदलाव किए गए हैं, जिनमें मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश में शामिल किया गया है.
तीन पर्वों को पहली बार सार्वजनिक अवकाश की सूची में जगह
नए छुट्टी कैलेंडर में मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इन तीनों पर्वों को छुट्टियों की सूची में शामिल करना इस बार का बड़ा बदलाव माना जा रहा है. इससे इन अवसरों पर सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी मिलेगी.
विधानसभा चुनाव से पहले फैसले के सियासी मायने
उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं. ऐसे में तीन नए पर्वों को सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किए जाने को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है. खासकर संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती का दलित समाज में विशेष महत्व है. इसलिए सरकार के इस फैसले पर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो सकती हैं.
होली पर लगातार चार दिन मिलेगी छुट्टी
साल 2027 में होली के त्योहार पर सरकारी कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी का फायदा मिल सकता है. कैलेंडर के मुताबिक, 22 मार्च को होलिका दहन और 23 मार्च को होली मनाई जाएगी. पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले सरकारी कार्यालयों में शनिवार से मंगलवार तक अवकाश रहेगा. इससे कर्मचारियों को त्योहार मनाने और परिवार के साथ समय बिताने का अतिरिक्त मौका मिलेगा.
दिवाली पर भी लगातार तीन दिन की छुट्टी
दिवाली के मौके पर भी सरकारी कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टियां मिलेंगी. कैलेंडर के अनुसार, 29 अक्टूबर 2027 को शुक्रवार के दिन दिवाली है. इसके अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश रहेगा. इसके बाद रविवार होने के कारण कर्मचारियों को शुक्रवार से रविवार तक लगातार तीन दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा.
कर्मचारियों को मिलेंगे कुल 55 अवकाश के विकल्प
सरकार की ओर से जारी कैलेंडर में 26 सार्वजनिक अवकाश के अलावा 27 निर्बंधित अवकाश भी शामिल हैं. वहीं, कार्यकारी आदेशों के तहत दो अन्य छुट्टियों का प्रावधान किया गया है. इस तरह सरकारी कर्मचारियों को पूरे साल अलग-अलग मौकों पर छुट्टियों का लाभ मिलेगा. होली और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों पर लगातार अवकाश मिलने से कर्मचारियों को खास राहत मिलने वाली है.
ये भी पढ़ें- UP Politics: दिल्ली में अमित शाह से मिले CM योगी, 2027 के चुनाव पर हुआ मंथन; नितिन नवीन से भी की मुलाकात