CM Yogi Delhi Visit: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की. सीएम योगी ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है. चुनाव से पहले हुई इस बैठक को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. हालांकि, दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
अमित शाह से मुलाकात की तस्वीर की साझा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट की. इसके साथ उन्होंने लिखा, ''केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की. अमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक आभार.'' इस मुलाकात को यूपी की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी मिले योगी
अमित शाह से मुलाकात से पहले सीएम योगी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर भी पहुंचे थे. इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे. लगातार हो रही इन बैठकों को उत्तर प्रदेश में पार्टी की आगामी रणनीति और संगठन से जुड़े मुद्दों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
अयोध्या के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाल के दिनों में विपक्षी दलों पर लगातार हमले कर रहे हैं. उन्होंने हाल ही में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर अयोध्या को बदनाम करने का आरोप लगाया था. सीएम योगी का कहना था कि अयोध्या की विरासत और विकास को रोकने में नाकाम रहने के बाद विपक्षी दल अब घबराहट में ऐसा कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अगर विरासत और विकास की यात्रा इसी तरह आगे बढ़ती रही तो सपा और कांग्रेस की राजनीति के सामने पहचान का संकट खड़ा हो जाएगा.
2017 के बाद विकास कार्यों में तेजी का दावा
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर बीजेपी की सरकार बनने के बाद प्रदेश में तेजी से काम हुए हैं. उन्होंने सड़कों, बिजली, एयरपोर्ट और रेलवे नेटवर्क के विस्तार को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया. साथ ही कहा कि लोगों को बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.
राशन कार्ड से आयुष्मान योजना तक का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में आम लोगों की सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है. उनके मुताबिक, आज लोगों के पास बेहतर सड़कें, राशन कार्ड, पक्के मकान, स्कूल और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं हैं. ऐसे में दिल्ली में अमित शाह और नितिन नवीन से योगी की मुलाकात को यूपी की चुनावी तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- Arvind Kejriwal Bungalow: केजरीवाल के शीशमहल का खुलेगा राज! BJP ने जनता के लिए खोले दरवाजे