Jhansi News: झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. रानीपुर इलाके में सुखनई नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार के लोग श्राद्ध कर्म के बाद पिंडदान की रस्म पूरी करने नदी किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ लोग नदी में स्नान करने लगे और गहरे पानी में चले गए. देखते ही देखते पांच लोग डूब गए.
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया. स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की. काफी कोशिश के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतकों में पिता-पुत्र के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है.
पिंडदान के लिए नदी किनारे पहुंचा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, परिवार श्राद्ध कर्म के बाद सुखनई नदी के किनारे पिंडदान करने पहुंचा था. इसी दौरान परिवार के कुछ सदस्य नदी में नहाने लगे. बताया जा रहा है कि पांच लोग अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. आसपास मौजूद लोग कुछ कर पाते, उससे पहले ही पांचों नदी में डूब गए.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही एसडीएम मनोज कुमार, सीओ मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. स्थानीय लोगों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद पांचों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से गांव और आसपास के इलाके में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद नदी के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. प्रशासन ने लोगों से नदी में नहाते समय सावधानी बरतने की अपील की है. श्राद्ध कर्म के बाद पिंडदान के लिए नदी पर पहुंचे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें- बच्चे नहीं बना पाएंगे Facebook-Instagram! नाबालिगों के सोशल मीडिया यूज पर लगेगी रोक?