UP Board Result 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं. इस साल लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है. आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल (10वीं) में कुल 90.4% छात्र सफल रहे, जबकि इंटरमीडिएट (12वीं) में 80.3% स्टूडेंट्स ने परीक्षा पास की है. इस बार भी टॉपर्स की सूची में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है.
10वीं के टॉपर्स
हाईस्कूल परीक्षा में 97.83% अंक हासिल कर कशिश वर्मा (सीतापुर) और अंशिका वर्मा (बाराबंकी) ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है. दूसरे स्थान पर 97.50% अंकों के साथ अदिति (बाराबंकी) रहीं. वहीं तीसरे स्थान पर 97.33% अंक लेकर अर्पिता साहू (झांसी) और परी वर्मा (सीतापुर) ने जगह बनाई.
12वीं के टॉपर्स
इंटरमीडिएट परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60% अंक हासिल कर टॉप किया है. दूसरे स्थान पर 97.20% अंकों के साथ नंदनी गुप्ता (बरेली) और श्रेया वर्मा (बाराबंकी) संयुक्त रूप से रहीं. तीसरे स्थान पर 97% अंक प्राप्त कर सुरभि यादव (बरेली) और पूजा पाल (बाराबंकी) ने अपनी जगह बनाई.
कहां और कैसे देखें रिजल्ट?
परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर जाकर देख सकते हैं. वहीं से वे अपनी डिजिटल मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकते हैं.
रिजल्ट चेक करने का तरीका
परीक्षा से जुड़ी अहम जानकारी
इस साल यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक आयोजित की गई थीं. राज्यभर में करीब 8000 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. इन परीक्षाओं के लिए कुल 53,37,778 छात्रों ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 27,61,696 छात्र 10वीं और 25,76,082 छात्र 12वीं के थे.
बोर्ड ने पहले ही 22 अप्रैल को घोषणा कर दी थी कि परिणाम 23 अप्रैल को शाम 4 बजे जारी किए जाएंगे, जिसके बाद तय समय पर नतीजे घोषित कर दिए गए.
पिछले साल का रिजल्ट कैसा रहा था?
अगर 2025 के नतीजों की बात करें, तो उस साल 10वीं का पास प्रतिशत 90.11% और 12वीं का 81.15% रहा था. परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च के बीच 8140 केंद्रों पर आयोजित की गई थीं और परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किए गए थे.
अगर फेल हो जाएं तो क्या करें?
जो छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए भी विकल्प मौजूद है. यूपी बोर्ड छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा के जरिए एक और मौका देता है. पास होने के लिए हर विषय में कम से कम 33% अंक जरूरी होते हैं. यदि कोई छात्र एक या दो विषयों में इससे कम अंक लाता है, तो वह कंपार्टमेंट परीक्षा देकर दोबारा पास हो सकता है और अपना साल बचा सकता है.
ये भी पढ़ें- Aaj Ka Rashifal: वृष राशि वालों को निवेश में हो सकता है नुकसान, इनको होगा आर्थिक लाभ, पढ़े आज का राशिफल