UP Board Result 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की ओर से 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. बोर्ड ने 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के रिजल्ट जारी करने की तारीख का ऐलान कर दिया है. यूपी बोर्ड के मुताबिक, दोनों कक्षाओं के नतीजे आज शाम 4 बजे घोषित किए जाएंगे. रिजल्ट प्रयागराज स्थित बोर्ड मुख्यालय से जारी होगा.
इस साल यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल 52,30,184 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इनमें 27,50,843 छात्र-छात्राएं 10वीं के थे, जबकि 24,79,341 परीक्षार्थियों ने 12वीं परीक्षा के लिए आवेदन किया था. इतनी बड़ी संख्या के कारण यह परीक्षा देश की सबसे बड़ी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल है और रिजल्ट को लेकर उत्सुकता भी चरम पर है.
कब हुई थीं परीक्षाएं
यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं. इंटरमीडिएट की परीक्षा हिंदी विषय के पेपर के साथ शुरू हुई थी. परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉपियों का मूल्यांकन कार्य तेज गति से किया गया और अप्रैल के पहले सप्ताह तक पूरा कर लिया गया.
ऐसे देख सकेंगे अपना रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें वेबसाइट पर जाकर 10वीं या 12वीं के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा और अपना रोल नंबर तथा परीक्षा वर्ष दर्ज करना होगा. इसके बाद उनका रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे वे डाउनलोड भी कर सकते हैं.
डिजिलॉकर से भी मिलेगी मार्कशीट
छात्र डिजिलॉकर प्लेटफॉर्म के जरिए भी अपनी डिजिटल मार्कशीट प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा. यदि किसी छात्र का अकाउंट नहीं है तो वह आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकता है और अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकता है. यह डिजिटल मार्कशीट आधिकारिक रूप से मान्य होती है.
रिजल्ट जारी होते ही वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक देखने को मिल सकता है, जिससे साइट कुछ समय के लिए धीमी हो सकती है. ऐसे में छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है और कुछ देर बाद दोबारा प्रयास करने की सलाह दी जाती है.
ये भी पढ़ें- Love Horoscope: रोमांस से भरा होगा सिंह राशि वालों का दिन, इनका पार्टनर से होगा तनाव, आज का लव राशिफल