UP Assembly: कल से शुरू होगा यूपी विधानसभा का मानसून सत्र, सर्वदलीय बैठक आज, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. सत्र शुरू होने से पहले रविवार 2 अगस्त को विधान भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है.

UP Assembly monsoon session to begin tomorrow all-party meeting today
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

UP Assembly Monsoon Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. सत्र शुरू होने से पहले रविवार 2 अगस्त को विधान भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है. इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. बैठक में मानसून सत्र को सुचारु रूप से चलाने और सदन की कार्यवाही को लेकर चर्चा होगी.

यूपी कैबिनेट की मंजूरी के बाद 3 अगस्त से विधानसभा और विधान परिषद का मानसून सत्र बुलाया गया है. इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा. इसके साथ ही कई विधेयकों और दूसरे जरूरी सरकारी कामकाज पर भी चर्चा होने की संभावना है.

सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हो सकता है मुकाबला

मानसून सत्र के दौरान सदन में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है. भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकार के पिछले 10 साल के कामकाज को सामने रखेगी. वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस राम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई अहम मुद्दों को उठाने की तैयारी में हैं. ऐसे में सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना है.

कांवड़ यात्रा का मुद्दा भी बन सकता है चर्चा का विषय

सावन का महीना चल रहा है और पूरे उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा जारी है. ऐसे में सरकार की ओर से प्रस्तावित गाइडलाइन को लेकर भी सदन में चर्चा और विवाद देखने को मिल सकता है.

ऐसा रह सकता है सत्र का कार्यक्रम

3 अगस्त को मानसून सत्र की शुरुआत के साथ दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जा सकती है. 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश होने की संभावना है. 5 अगस्त को विधायी कार्य और अन्य सरकारी कामकाज निपटाए जा सकते हैं. वहीं 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद सत्र का कामकाज पूरा हो सकता है.

लखनऊ में सुरक्षा और ट्रैफिक की तैयारी

विधानसभा सत्र को देखते हुए लखनऊ में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने कई जगहों पर रूट डायवर्जन की योजना भी तैयार की है. हालांकि, एंबुलेंस और स्कूली बच्चों के वाहनों को प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी.

ये भी पढ़ें- कैशलेस इंडिया ने पकड़ी रफ्तार, UPI ट्रांजैक्शन ने बनाया नया रिकॉर्ड, दुनिया में भी बढ़ रही पहचान