UKPSC Recruitment 2026: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे वेटरनरी साइंस के उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने वेटनरी ऑफिसर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. योग्य उम्मीदवार 14 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन में सुधार का मौका 22 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक मिलेगा.
56,100 से 1,77,500 रुपये तक मिलेगा वेतन
वेटनरी ऑफिसर के पद पर चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा. चयन के बाद अभ्यर्थियों को हर महीने 56,100 रुपये से लेकर 1,77,500 रुपये तक वेतन मिलेगा. ऐसे में यह भर्ती वेटरनरी साइंस की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए सरकारी सेवा में जाने का अच्छा अवसर है.
वेटरनरी साइंस में ग्रेजुएशन जरूरी
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से वेटरनरी साइंस में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है. उम्मीदवार की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी. आवेदक की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 42 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा.
कैटेगरी के हिसाब से देनी होगी फीस
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क उम्मीदवार की कैटेगरी के अनुसार तय किया गया है. सामान्य वर्ग और उत्तराखंड के ओबीसी उम्मीदवारों के साथ उत्तराखंड के ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए 166 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित है. वहीं उत्तराखंड के एससी और एसटी उम्मीदवारों को 76 रुपये फीस का भुगतान करना होगा. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई सभी शर्तों को ध्यान से देखना चाहिए.
तीन पेपर की लिखित परीक्षा से होगा चयन
UKPSC वेटनरी ऑफिसर भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. परीक्षा में कुल तीन पेपर होंगे. पहला पेपर सामान्य अध्ययन और सामान्य हिंदी का होगा, जो 200 अंकों का रहेगा. वहीं पेपर-2 में पशुचिकित्सा विज्ञान और पेपर-3 में पशु विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. दोनों विषयों के पेपर 300-300 अंकों के होंगे. इच्छुक उम्मीदवार 14 सितंबर से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: मुंबई में युवाओं के लिए बड़ा मौका, BMC दे रहा ₹61,500 स्टाइपेंड वाली फेलोशिप, कौन कर सकता है अप्लाई?