UGC NET 2026 Re Exam: UGC NET जून 2026 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है. इन तीनों पेपर में कई तरह की गलतियां सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया है.
अच्छी बात यह है कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी. एनटीए ने परीक्षा की नई तारीख भी जारी कर दी है. वहीं परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी उम्मीदवारों को बाद में दी जाएगी.
UGC NET जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी. यह परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप यानी JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की पात्रता और पीएचडी में एडमिशन के लिए होती है.
तीनों पेपर में मिली थीं कई गलतियां
एनटीए के मुताबिक, इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्नपत्रों को लेकर बड़ी संख्या में शिकायतें मिली थीं. इन शिकायतों की जांच के लिए एक समिति बनाई गई. समिति की जांच में प्रश्नपत्रों में कई तरह की खामियां सामने आईं. इनमें तथ्य से जुड़ी गलतियां, टाइपिंग की गलतियां और अनुवाद से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं.
कई जगह विद्वानों के नाम सही नहीं लिखे गए थे. कुछ किताबों के नाम में भी गलती थी. इसके अलावा सवालों की भाषा में भी कमियां पाई गईं. व्याकरण, लिंग और वचन से जुड़ी गलतियां भी सामने आईं.
कुछ सवालों में प्रचलित अवधारणाओं के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जो सामान्य तौर पर इस्तेमाल नहीं होते हैं. इसके अलावा पहले पूछे जा चुके कुछ सवालों को दोबारा पेपर में शामिल किए जाने की बात भी जांच में सामने आई.
सिर्फ सवाल हटाने से नहीं हो सकता था सुधार
एनटीए ने कहा कि इन गलतियों को केवल आंसर-की चैलेंज के दौरान सवाल हटाकर ठीक करना सही तरीका नहीं होगा. पेपर में कई स्तर पर गलतियां मिली हैं. इसी वजह से एजेंसी ने तीनों विषयों की परीक्षा फिर से कराने का फैसला किया है. एनटीए ने री-एग्जाम का शेड्यूल भी जारी कर दिया है.
कब होगी UGC NET की दोबारा परीक्षा?
इंग्लिश: 9 सितंबर 2026, पहली शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा होगी.
कॉमर्स: 9 सितंबर 2026, दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक परीक्षा होगी.
सोशियोलॉजी: 10 सितंबर 2026, पहली शिफ्ट में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा होगी.
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र और शहर की जानकारी बाद में दी जाएगी. एडमिट कार्ड भी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए जारी किया जाएगा.
84 विषयों के नतीजों पर नहीं पड़ेगा असर
NTA ने साफ किया है कि बाकी 84 विषयों की परीक्षा प्रक्रिया अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी. इन विषयों के लिए आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इन 84 विषयों के रिजल्ट, JRF सीटों के आवंटन और असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता से जुड़े ई-सर्टिफिकेट जारी करने में तीन विषयों के री-एग्जाम की वजह से देरी नहीं होगी.
तीन विषयों में कैसे तय होगी पात्रता?
इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के मामले में असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता के लिए सफल उम्मीदवारों की संख्या जून 2026 की मूल परीक्षा या री-एग्जाम में शामिल उम्मीदवारों में से जिसकी संख्या ज्यादा होगी, उसके छह प्रतिशत के आधार पर तय की जाएगी.
JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी में एडमिशन के लिए विषयवार पात्रता का फैसला UGC NET के इंफॉर्मेशन बुलेटिन में दिए नियमों के अनुसार किया जाएगा. एनटीए ने यह भी साफ किया है कि इन तीनों विषयों में पहले से तय सीटों या संख्या में किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी.
उम्मीदवार सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें
UGC NET से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए उम्मीदवारों को सोशल मीडिया या किसी अनजान वेबसाइट की खबरों पर भरोसा करने के बजाय NTA और UGC NET की आधिकारिक सूचनाएं देखनी चाहिए. री-एग्जाम का एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और दूसरी जरूरी जानकारी भी आधिकारिक माध्यम से ही जारी की जाएगी.
ये भी पढ़ें- PoK में चुनाव के बीच सन्नाटा! कई बूथों पर जीरो वोट, सड़कों पर बड़ी संख्या में सेना तैनात