सहारनपुर के देहरादून-पंचकूला हाईवे पर दो गाड़ियों में भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

Saharanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के हलगोया गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई.

Two vehicles collided on Dehradun-Panchkula highway in Saharanpur killing four members same family
Image Source: Social Media

Saharanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देहरादून-पंचकूला हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के हलगोया गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में दो महिलाएं, एक बुजुर्ग और एक मासूम बच्चा शामिल हैं. हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

हरिद्वार जा रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत जिले के मंढोरा गांव निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ कार से हरिद्वार जा रहे थे. रास्ते में जब उनकी कार देहरादून-पंचकूला हाईवे पर हलगोया गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

चार लोगों की मौके पर मौत

हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस भी पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने चरण सिंह, उनकी पत्नी सुदेश, बहू प्रीति और पोते शिवांश को मृत घोषित कर दिया. वहीं प्रवीण, सहदेव और एक अन्य महिला प्रीति गंभीर रूप से घायल हैं. उनका इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रामपुर मनिहारान थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस उस कार के चालक की तलाश कर रही है जिसने पीछे से टक्कर मारी थी. साथ ही हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें- होर्मुज पर नए युद्ध की आहट! ईरान ने अब इस देश पर मिसाइल बरसाने की दी चेतावनी, जानें क्या है पूरा मामला