फतेहपुर, भारत24 डिजिटल डेस्क: यूपी के फतेहपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां फैक्टरी कैंपस के कमरे में अंगीठी जलाकर चार मजदूर सो रहे थे, जिसमें दो मजदूरों की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूरों को हालत चिंताजनक बताई जा रही. सभी का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कर कानपुर रेफर कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र के सौंरा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में बीएल मेटल फैक्टरी है. कंपनी में बैटरी से संबंधित स्क्रैप का काम होता है, जहां शिवकुमार उर्फ लाला पुत्र रामधनी (24), कमलेश पुत्र लल्लू (22), ओम प्रकाश पुत्र छोटेलाल (24) निवासीगण तेंदुई थाना लालगंज, मिर्ज़ापुर व प्रयागराज के कोराव थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव निवासी अच्छे लाल का 30 वर्षीय बेटा अर्जुन उर्फ गोरे फैक्ट्री में काम काम करते हैं.
सोमवार को काम खत्म करने के बाद रोज की तरह फैक्ट्री कैंपस में बने कमरे में खाना खाने के बाद अत्यधिक ठंड के चलते अंगीठी जलाकर चारों लोग कमरा बंद कर सो गए. जब सुबह काफी देर तक चारों मजदूर नहीं दिखाई दिए तो फैक्ट्री में मौजूद अन्य सहयोगियों ने मंगलवार सुबह कमरे के पास पहुंचे तो देखा कि कमरे के अंदर से धुआं निकल रहा है और खांसने की आवाज सुनाई दी.
इस पर कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर घूसे तो देखा कि चारों मजदूर बेसुध कमरे में पड़े हुए हैं. जिन्हें आनन-फानन चारों को जिला अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया गया, जहां मौजूद डॉक्टरों ने शिवकुमार उर्फ लाला और गोरे को मृत घोषित कर दिया. वहीं, कमलेश और ओमप्रकाश को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया, जबकि पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर, विजय शंकर मिश्र(एएसपी फतेहपुर) ने बताया मलवा थाना क्षेत्र के सौरा औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में मजदूर काम करने के पश्चात रात में खाना करने के यह एक कमरे में सो रहे थे और रात में अंगेठी जलाकर सारे खिड़की दरवाजे बंद करके सो रहे थे जिसमे दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई और दो मजदूर घायल हैं.