जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, एक आतंकी ढेर; तलाशी अभियान जारी

Ganderbal encounter: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जो देर तक जारी रही. इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है.

Jammu and Kashmir Encounter between security forces and terrorists in Ganderbal one terrorist killed
Image Source: Social Media

Ganderbal encounter: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार शाम सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जो देर तक जारी रही. इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है. जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को अरहामा गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना मिली थी. 

इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया. जब सुरक्षाबल आतंकियों के करीब पहुंचे, तो उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई और मुठभेड़ जारी हो गई.

इलाके को पूरी तरह घेरा गया

सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके के सभी रास्ते बंद कर दिए, ताकि कोई आतंकी भाग न सके. बताया जा रहा है कि गांव में अभी भी दो आतंकवादी छिपे हो सकते हैं. गांदरबल जिला पहले काफी शांत माना जाता था और यहां आतंकी गतिविधियां कम देखी जाती थीं. ऐसे में इस मुठभेड़ ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.

पहले भी हो चुके हैं हमले

इस इलाके में पहले भी आतंकी हमले हो चुके हैं. 20 अक्टूबर 2024 को गगनगीर इलाके में मजदूरों के कैंप पर हमला किया गया था. यह हमला सोनमर्ग जेड-मोड़ सुरंग के पास हुआ था, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई थी. इनमें 6 बाहर के मजदूर और एक स्थानीय डॉक्टर शामिल थे, जबकि कई लोग घायल हुए थे.

इसके अलावा 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन घास के मैदान में भी बड़ा हमला हुआ था. इस हमले में 25 लोगों की जान गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. इस घटना के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और पुलिस ने जांच शुरू की थी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की गई थी.

ये भी पढ़ें- कमर्शियल गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को लगा झटका, ईरान संकट के बीच बढ़ी इतनी कीमत