तुर्की द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का खुला समर्थन अब उसकी अर्थव्यवस्था पर भारी पड़ता दिख रहा है. इस राजनीतिक रुख ने भारत के साथ उसके संबंधों में खटास तो पैदा की ही, साथ ही इसका सीधा असर पर्यटन क्षेत्र पर भी देखने को मिल रहा है. भारतीय पर्यटकों की तादाद में जबरदस्त गिरावट आई है, जो तुर्की की पर्यटन-निर्भर आय के लिए एक बड़ा झटका है.
आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि मई 2025 में 31,659 भारतीय पर्यटक तुर्की पहुंचे थे, जबकि जुलाई 2025 तक यह संख्या गिरकर 16,244 पर पहुंच गई. यानी तीन महीनों में करीब आधी कमी दर्ज की गई है. यह रुझान दर्शाता है कि भारतीय सैलानियों ने तुर्की को यात्रा सूची से हटाना शुरू कर दिया है.
साल-दर-साल तुलना में भी बड़ी गिरावट
जहां जुलाई 2024 में 28,875 भारतीय पर्यटक तुर्की पहुंचे थे, वहीं इस साल जुलाई में यह आंकड़ा सिर्फ 16,244 रहा. यह 44% की वार्षिक गिरावट को दर्शाता है, जो सामान्य पर्यटन चक्र में असामान्य मानी जाती है.
राजनीतिक रुख बना गिरावट की मुख्य वजह
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट सिर्फ मौसमी या आर्थिक वजहों से नहीं, बल्कि तुर्की के राजनीतिक रवैये से उपजी जनभावनाओं के चलते हुई है. भारत-पाकिस्तान के तनाव के दौरान तुर्की का पाकिस्तान के साथ खड़ा होना भारतीय जनमानस को नागवार गुज़रा, जिससे ग्रीस, स्पेन, इटली जैसे विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं.
EaseMyTrip के CEO का तीखा बयान
EaseMyTrip के चेयरमैन निशांत पिट्टी ने कहा, “यह तुर्की के लिए एक सबक है. विदेशी पर्यटन बोर्डों को समझना चाहिए कि भारत अब एक छोटा बाजार नहीं रहा. हमारे सम्मान से समझौता कोई भी करे, उसका प्रभाव साफ दिखेगा.” उनका मानना है कि भारत जैसे विशाल और खर्च करने में सक्षम बाजार को नजरअंदाज करने का खामियाजा तुर्की जैसे देश को भुगतना ही पड़ेगा.
भारतीय पर्यटक अब किन देशों की ओर बढ़े?
ग्रीस, इटली, स्पेन और मध्य एशियाई देशों ने हाल के वर्षों में भारतीयों के लिए वीजा प्रक्रियाओं को आसान किया है और पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाया है. यही वजह है कि भारतीय पर्यटक अब इन देशों को प्राथमिकता दे रहे हैं.
अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा सीधा असर
पर्यटन पर निर्भर तुर्की की अर्थव्यवस्था को यह बदलाव लंबे समय तक प्रभावित कर सकता है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो भारतीय पर्यटकों से होने वाली आय में लाखों डॉलर का नुकसान तुर्की को झेलना पड़ सकता है.