अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन की प्रमुख सरकारी मीडिया संस्था BBC पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. ट्रंप ने BBC के कुछ पत्रकारों और वरिष्ठ अधिकारियों को ‘बेईमान’ और ‘भ्रष्ट’ करार दिया, यह बयान तब आया जब BBC के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और BBC न्यूज की CEO डेबोरा टर्नेस ने इस्तीफा दे दिया. इस्तीफा एक बड़े एडिटिंग विवाद के बाद आया, जो ट्रंप के 6 जनवरी 2021 के भाषण से जुड़ा था.
क्या था विवाद?
BBC पर आरोप लगाया गया कि उसने ट्रंप के उस भाषण को डॉक्युमेंट्री में गलत तरीके से पेश किया, जिसमें उन्होंने अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन, कैपिटल भवन पर हुई हिंसा से पहले समर्थकों से ‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन’ की अपील की थी. आलोचकों का कहना है कि इस हिस्से को डॉक्युमेंट्री से हटा दिया गया, जिससे ट्रंप के संदेश का अर्थ बदल गया.
BREAKING: BBC Director General Tim Davie and BBC News CEO Deborah Turness have resigned after criticism that a Panorama documentary misled viewers by editing a speech from Trump. pic.twitter.com/BROqUZTtCz
— Clash Report (@clashreport) November 9, 2025
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लिखा कि, “BBC के शीर्ष अधिकारी पकड़े गए हैं, जिन्होंने मेरे भाषण को तोड़-मरोड़कर दिखाया. उनका उद्देश्य हमारे चुनावों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करना था.” उन्होंने ब्रिटिश अखबार टेलीग्राफ को धन्यवाद भी दिया, जिसने इस मामले की रिपोर्टिंग की.
BBC अधिकारियों का इस्तीफा
टिम डेवी ने अपने इस्तीफे में लिखा, "BBC कुल मिलाकर अच्छा काम कर रही है, लेकिन कुछ गलतियां हुई हैं और बतौर प्रमुख मुझे इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. मैं अगले कुछ महीनों में नए उत्तराधिकारी को जिम्मेदारी संभालने में मदद करूंगा."
डेबोरा टर्नेस ने कहा, "यह विवाद अब संस्था को नुकसान पहुंचाने लगा है. नेता होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है, इसलिए मैं पद छोड़ रही हूं. BBC पर झुकाव के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह गलत हैं."
इस कदम को BBC के अंदर उत्तरदायित्व और नेतृत्व की पारंपरिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है.
टेलीग्राफ की रिपोर्ट और आरोप
BBC विवाद तब और बढ़ गया जब टेलीग्राफ ने BBC सलाहकार माइकल प्रिस्कॉट की रिपोर्ट के कुछ हिस्से प्रकाशित किए. इस रिपोर्ट में BBC पर ट्रांसजेंडर मुद्दों पर कवरेज में पक्षपात और अरबी सेवा में इजरायल के खिलाफ झुकाव जैसे आरोप शामिल थे.
BBC का इतिहास 103 साल पुराना है और यह ब्रिटेन का सबसे प्रभावशाली और पुराने ब्रॉडकास्टरों में से एक माना जाता है. यह संस्था जनता के धन से संचालित होती है, इसलिए निष्पक्ष और संतुलित खबर देने की जिम्मेदारी सबसे ज्यादा होती है.
ये भी पढ़ें- रूस में ISI के जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, S-400 की सीक्रेट फाइल चोरी का था प्लान, कैसे हुआ खुलासा?