कांवड़ यात्रा में बवाल करने वालों की खैर नहीं! सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त आदेश, जानें क्या कहा

CM Yogi On Kanwar Yatra: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने साफ कहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या माहौल खराब करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Troublemakers during the Kanwar Yatra won't be spared CM Yogi issues strict orders to officials
Image Source: Social Media

CM Yogi On Kanwar Yatra: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. उन्होंने साफ कहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या माहौल खराब करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के साथ-साथ श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, बारावफात और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की.

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है. इसलिए सुरक्षा, सुविधा और श्रद्धालुओं के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने अफवाह फैलाने, सामाजिक माहौल बिगाड़ने, खाद्य पदार्थों में मिलावट और श्रद्धालुओं से ज्यादा पैसे वसूलने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए.

प्रशासन को कानून व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई और खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए. उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. साथ ही किसी भी तरह की अफवाह या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए.

मेरठ मॉडल पूरे प्रदेश में लागू होगा

मुख्यमंत्री ने मेरठ जोन की ओर से तैयार किए गए कांवड़ यात्रा प्रबंधन मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सभी पुलिस जोन इस मॉडल को अपनाएं ताकि यात्रा के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाई जा सके. साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारी लगातार कांवड़ समितियों और शिविर संचालकों के संपर्क में रहें. मुख्यमंत्री ने शिविर संचालकों का सत्यापन पहले ही पूरा करने को कहा है.

कांवड़ मार्गों पर मिलेंगी खास सुविधाएं

योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ मार्गों की सड़कों की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर रोशनी, सफाई, पीने का पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होनी चाहिए.

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी मेडिकल कैंप पूरी तरह तैयार रहें. जरूरी दवाओं के साथ एंटी-वेनम और एंटी-रेबीज इंजेक्शन का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए. महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख घाटों पर चेंजिंग रूम बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं.

कांवड़ मार्गों पर मांस और शराब की दुकानें बंद रहेंगी

मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर मांस और शराब की दुकानों को बंद रखा जाए. इसके अलावा खाने-पीने की चीजों में मिलावट, गंदगी और ज्यादा कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. उन्होंने निर्देश दिया कि हर दुकान पर दुकानदार का नाम साफ तौर पर लिखा होना चाहिए.

डीजे और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की आवाज तय नियमों के अनुसार ही होनी चाहिए. ज्यादा तेज आवाज किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत जानकारी और अफवाहों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है.

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

सुरक्षा को मजबूत करने के लिए संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे और ड्रोन से निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए और किसी भी खतरे को समय रहते रोका जाए. इसके लिए अतिरिक्त पुलिस गश्त बढ़ाने को भी कहा गया है.

बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी सतर्कता

योगी आदित्यनाथ ने बढ़ते नदी जलस्तर को देखते हुए घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बाढ़ और कटान वाले क्षेत्रों में पहले से तैयारी पूरी रखी जाए. साथ ही VIP कार्यक्रमों के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाए कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो.

जनप्रतिनिधियों से भी ली जाएगी राय

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले कुछ दिनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि तैयारियों की समीक्षा की जाए और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी व्यवस्था में शामिल किया जाए.

योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया कि कांवड़ यात्रा आस्था का बड़ा पर्व है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही, अव्यवस्था या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सरकार सख्त कदम उठाएगी.

ये भी पढ़ें- वेस्टइंडीज सीरीज से बाहर होंगे श्रेयस समेत ये 8 बड़े खिलाड़ी! नई टीम बना रही BCCI, जानें क्या है प्लान