यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 40 IAS अफसरों के ट्रांसफर, सीएम योगी के विशेष सचिव का भी तबादला

योगी आदित्यनाथ की सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस व्यापक फेरबदल के तहत 15 जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को भी बदला गया है.

Transfer of 40 IAS officers in UP CM Yogi special secretary transferred
Image Source: ANI

योगी आदित्यनाथ की सरकार ने राज्य में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए 40 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस व्यापक फेरबदल के तहत 15 जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को भी बदला गया है. कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ को प्रमोशन के साथ नई पोस्टिंग मिली है.

परिवहन आयुक्त रहीं किंजल सिंह को हटाकर माध्यमिक शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है. वहीं हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2010 बैच के आईएएस आशुतोष निरंजन को नया परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है.

प्रमोशन और नई नियुक्तियां

लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल को पदोन्नति देकर देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है. वहीं आगरा के डीएम अरविंद मल्लपा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है.

अन्य प्रमुख तबादले

बुलंदशहर की डीएम श्रुति को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. झांसी के डीएम मृदुल चौधरी को पर्यटन विभाग में विशेष सचिव और फतेहपुर के डीएम रवींद्र कुमार को ऊर्जा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है.

रायबरेली की डीएम हर्षिता माथुर को महिला एवं बाल विकास विभाग का निदेशक बनाया गया है, जबकि श्रावस्ती के डीएम अश्विनी कुमार पांडेय को अल्पसंख्यक विभाग में निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है.

जिलाधिकारियों में बड़ा बदलाव

उन्नाव के डीएम गौरांग राठी को झांसी का जिलाधिकारी बनाया गया है. सुल्तानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर भेजा गया है.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई बदलाव किए गए हैं. शामली के डीएम अरविंद कुमार चौहान को सहारनपुर का डीएम बनाया गया है. अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा भेजा गया है.

इसके अलावा हमीरपुर के डीएम घनश्याम मीना को उन्नाव, मैनपुरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी और औरैया के डीएम इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी का जिलाधिकारी बनाया गया है.

सीएम के विशेष सचिव का भी तबादला

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ब्रजेश कुमार को औरैया का डीएम बनाया गया है. झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आलोक यादव को शामली का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.

2016 बैच के आईएएस अभिषेक गोयल को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव पद से हटाकर हमीरपुर का डीएम बनाया गया है. वहीं इंद्रजीत सिंह को ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव से सुल्तानपुर का डीएम बनाया गया है.

इसके अलावा अन्नपूर्णा गर्ग को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के विशेष सचिव से श्रावस्ती का डीएम बनाया गया है. नितिन गौड़ को हापुड़-पिलखवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद से हटाकर अमरोहा का डीएम बनाया गया है.

महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक सरनजीत कौर ब्रोका को रायबरेली का डीएम नियुक्त किया गया है.

ये भी पढ़ें- भारत की नागरिकता और टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका... राशिद खान को मिला था ऑफर, खुद बताई पूरी कहानी