Rashid Khan declined India Citizenship: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने अपनी आने वाली किताब में एक बड़ा खुलासा किया है, जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. उन्होंने बताया कि उन्हें भारत की तरफ से क्रिकेट खेलने और नागरिकता लेने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया. राशिद ने साफ कहा कि उनके लिए अपने देश अफगानिस्तान से बढ़कर कुछ भी नहीं है.
27 वर्षीय राशिद खान ने अपनी किताब “राशिद खान: सड़क से स्टारडम तक” में इस पूरे घटनाक्रम का जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया ने भी उन्हें नागरिकता और अपनी टीम से खेलने का ऑफर दिया था. लेकिन उन्होंने दोनों प्रस्तावों को अस्वीकार कर दिया.
भारत से मिला था ऑफर
राशिद खान के अनुसार, भारत से मिला यह प्रस्ताव उस समय आया था जब वह गुजरात टाइटंस के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में खेल रहे थे. उन्होंने बताया कि टीम के एक अधिकारी ने उनसे संपर्क किया और कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक बड़े अधिकारी उनसे मिलना चाहते हैं.
मुलाकात के दौरान उन्हें सुझाव दिया गया कि अफगानिस्तान की परिस्थितियों को देखते हुए वे भारत में आकर बस सकते हैं. उन्हें भारतीय नागरिकता और जरूरी दस्तावेज देने की बात भी कही गई, ताकि वे भारत के लिए क्रिकेट खेल सकें.
राशिद का जवाब
इस प्रस्ताव को सुनकर राशिद खान पहले हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने बहुत ही विनम्रता से इसे ठुकरा दिया. उन्होंने कहा कि अगर वह अपने देश अफगानिस्तान के लिए नहीं खेल सकते, तो किसी और देश के लिए भी नहीं खेलेंगे. उनके लिए अपने देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
ऑस्ट्रेलिया का भी प्रस्ताव
राशिद ने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलिया ने भी उन्हें नागरिकता और अपनी टीम से खेलने का ऑफर दिया था. हालांकि उन्होंने इस पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं की, लेकिन यह जरूर स्पष्ट किया कि उन्होंने हर बार अपने देश को ही चुना.
राशिद खान का यह फैसला उनके देश के प्रति गहरे लगाव और समर्पण को दर्शाता है. आज वह अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में गिने जाते हैं और दुनियाभर की लीग्स में अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए पहचान बना चुके हैं.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: बाहर हो सकता है CSK का सबसे सफल बल्लेबाज, हैमस्ट्रिंग इंजरी ने जकड़ा, कौन लेगा उनकी जगह?