ऋतिक रोशन से लेकर प्रभास तक... 'कांतारा: चैप्टर 1' का ट्रेलर रिलीज़, दमदार अंदाज़ में नजर आए ऋषभ शेट्टी

Kantara Chapter 1 Trailer: दक्षिण भारतीय सिनेमा की गहराइयों से निकली एक और दमदार पेशकश 'कांतारा: चैप्टर 1' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार रिलीज़ हो गया है और इसके आते ही इंटरनेट पर जैसे बाढ़ सी आ गई है. जिस पल का फैंस लंबे समय से इंतज़ार कर रहे थे, वो अब हकीकत बन चुका है.

Trailer of Kantara Chapter 1 released Rishabh Shetty seen in a powerful style
Image Source: Social Media/ Screengrab

Kantara Chapter 1 Trailer: दक्षिण भारतीय सिनेमा की गहराइयों से निकली एक और दमदार पेशकश 'कांतारा: चैप्टर 1' का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार रिलीज़ हो गया है और इसके आते ही इंटरनेट पर जैसे बाढ़ सी आ गई है. जिस पल का फैंस लंबे समय से इंतज़ार कर रहे थे, वो अब हकीकत बन चुका है. ट्रेलर रिलीज होते ही ट्विटर से लेकर यूट्यूब तक फिल्म का नाम ट्रेंड कर रहा है.

2 मिनट 56 सेकंड के इस ट्रेलर में जो चीज़ सबसे पहले ध्यान खींचती है, वो है इसका भव्य और गहरा विजुअल ट्रीटमेंट. ऋषभ शेट्टी और गुलशन देवैया के बीच की भिड़ंत ट्रेलर का मुख्य आकर्षण है. इस बार गुलशन एक राजा की भूमिका में हैं और उनकी शाही मगर क्रूर छवि दर्शकों को रोमांचित कर रही है. कहानी में राजा और प्रजा के बीच का संघर्ष, पौराणिक और लोक कथाओं के साथ गूंथकर परोसा गया है, जो 'कांतारा' की यूएसपी रही है. ट्रेलर के कई सीन्स इतने शक्तिशाली हैं कि दर्शक अनायास ही "वाह!" कह उठते हैं.

ऋषभ शेट्टी की वापसी, निर्देशन में भी जान

इस फिल्म का न केवल केंद्रीय किरदार निभाया है ऋषभ शेट्टी ने, बल्कि इसे निर्देशित भी उन्होंने ही किया है. 'कांतारा' फ्रेंचाइज़ी की पहली फिल्म से जो पहचान उन्हें मिली थी, अब वो इस चैप्टर में और भी मजबूत होती दिख रही है.

फिल्म का निर्माण होम्बले फिल्म्स ने किया है, जो पहले ‘केजीएफ’ और ‘कांतारा’ जैसी फिल्मों से अपनी ताकत साबित कर चुकी है. तकनीकी टीम की बात करें तो बी. अजनीश लोकनाथ का म्यूजिक, अरविंद कश्यप की सिनेमैटोग्राफी और विनेश बंग्लान का प्रोडक्शन डिज़ाइन, तीनों ने मिलकर इस कहानी को एक सिनेमाई उत्सव में बदल दिया है.

ऋतिक रोशन से लेकर प्रभास तक

इस ट्रेलर को पैन इंडिया स्तर पर रिलीज़ किया गया है. हिंदी ट्रेलर को ऋतिक रोशन ने लॉन्च किया, जो खुद एक बड़े स्टार हैं और इस तरह की प्रस्तुति फिल्म को और ऊंचाई देती है. वहीं, प्रभास (तेलुगु), शिवकार्तिकेयन (तमिल) और पृथ्वीराज सुकुमारन (मलयालम) जैसे सितारों ने अपने-अपने भाषाई क्षेत्रों में ट्रेलर पेश किया. इस रणनीति से साफ है कि 'कांतारा: चैप्टर 1' को केवल क्षेत्रीय सिनेमा तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे एक अखिल भारतीय अनुभव के तौर पर सामने लाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें- भारत के दुश्मनों की खैर नहीं! अब अंतरिक्ष में ISRO तैनात करेगा 'स्पेशल बॉडीगार्ड', जानें कैसे करेगा काम