अब मोबाइल पर दिखेगा कॉलर का असली नाम! TRAI और सरकार की नई पहल से घटेगा फ्रॉड का खतरा

भारत में मोबाइल यूजर्स को जल्द ही एक बड़ी राहत मिलने जा रही है. अब किसी भी कॉल के आने पर सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम भी आपकी स्क्रीन पर नजर आएगा. यह नया फीचर लोगों को स्पैम, जंक और फ्रॉड कॉल्स से बचाने में मदद करेगा.

TRAI Order to telecom companies show caller name to display
Image Source: Freepik

भारत में मोबाइल यूजर्स को जल्द ही एक बड़ी राहत मिलने जा रही है. अब किसी भी कॉल के आने पर सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम भी आपकी स्क्रीन पर नजर आएगा. यह नया फीचर लोगों को स्पैम, जंक और फ्रॉड कॉल्स से बचाने में मदद करेगा.


दूरसंचार विभाग और टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने सभी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर कम से कम एक सर्किल में इस नई सर्विस की शुरुआत करें. इस फीचर के लागू होते ही जब भी किसी का कॉल आएगा, तो मोबाइल स्क्रीन पर उसका नाम उसी तरह दिखेगा, जैसा उसने सिम कार्ड खरीदते समय अपनी पहचान पत्र (ID) में दर्ज कराया था. यह फीचर डिफॉल्ट रूप में सक्रिय रहेगा, यानी इसे चालू करने के लिए यूजर को कोई सेटिंग नहीं करनी होगी. हालांकि, जो लोग इस सुविधा का उपयोग नहीं करना चाहते, वे चाहें तो इसे डिएक्टिवेट कर सकते हैं.

ट्रायल पहले ही हो चुका है

गौरतलब है कि इस सर्विस का ट्रायल पिछले साल मुंबई और हरियाणा में किया जा चुका है. उस दौरान टेलीकॉम कंपनियों ने कॉलर नेम आइडेंटिफिकेशन सिस्टम का परीक्षण किया था, जिससे यह साबित हुआ कि तकनीकी रूप से यह प्रणाली अब पूरी तरह लागू करने के लिए तैयार है.

TRAI और सरकार की सहमति से शुरू होगा फीचर

दरअसल, TRAI ने पिछले साल फरवरी में दूरसंचार विभाग को इस फीचर "कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP)"  की सिफारिश की थी. उस समय TRAI का मानना था कि इसे तभी सक्रिय किया जाए जब यूजर इसकी अनुमति दे. लेकिन दूरसंचार विभाग ने इस पर अपनी राय रखते हुए कहा कि यह सुविधा डिफॉल्ट रूप से चालू होनी चाहिए ताकि इसका लाभ सभी को मिले. बाद में TRAI ने विभाग की इस सलाह को स्वीकार कर लिया और फीचर के कार्यान्वयन को हरी झंडी दे दी.

फ्रॉड कॉल्स पर लगेगी बड़ी रोक

इस नई व्यवस्था से देशभर में बढ़ रहे फ्रॉड और स्कैम कॉल्स पर काफी हद तक लगाम लगने की उम्मीद है. जब कॉल आने पर यूजर को यह दिखेगा कि कॉल करने वाला व्यक्ति कौन है, तो उसे यह तय करने में आसानी होगी कि कॉल उठाना है या नहीं. इससे हैकर्स, धोखेबाजों और फर्जी मार्केटिंग एजेंसियों की चालें अब ज्यादा देर तक नहीं चल पाएंगी.

डिजिटल सुरक्षा में बड़ा कदम

आज के दौर में मोबाइल ही हमारी जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा बन गया है. बैंकिंग से लेकर सोशल मीडिया तक हर चीज इससे जुड़ी हुई है. ऐसे में यह फीचर न सिर्फ सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि डिजिटल सुरक्षा को भी मजबूत करेगा.सरकार का यह कदम "डिजिटल इंडिया" अभियान की दिशा में एक और अहम उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, जो यूजर्स को स्मार्ट और सुरक्षित कम्युनिकेशन का अनुभव देगा.

यह भी पढ़ें: Nothing Phone 3a Lite: नया स्टाइल, दमदार परफॉर्मेंस और किफायती कीमत के साथ जल्द लॉन्च